इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रेवाड़ी की टीम द्वारा आज रामपुरा स्थित आरबीएस स्कूल वार्षिक फाउंडेशन डे के अवसर पर एक प्रभावशाली मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाते हुए आईएमए रेवाड़ी के अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं सह-पाठयक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य केवल बीमारी का अभाव नहीं है, बल्कि यह शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से पूर्ण स्वस्थ रहने की अवस्था है।
महासचिव डॉ. पूजा ने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव कम करने के व्यावहारिक और सरल उपाय बताए तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर बल दिया। वहीं प्रिंसिपल रितु ओबरॉय ने बच्चों को खेलों के महत्व के बारे में प्रेरित करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को सशक्त बनाते हैं बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना भी विकसित करते हैं।
स्पोर्ट्स डे के अवसर पर डॉ. नीरज यादव ने हरी झंडी दिखाकर रिले रेस का शुभारंभ किया, गुब्बारे उड़ाकर और मशाल प्रज्वलित कर खेल प्रतियोगिताओं की शुरुआत की। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अंत में पौधारोपण करके कार्यक्रम का समापन किया गया और बच्चों को पौधारोपण के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. नीरज यादव ने विद्यालय की प्राचार्या डॉ. (श्रीमती) रितु ओबरॉय, अध्यापिका योगिता यादव समस्त स्टाफ, विद्यालय प्रबंधन एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया तथा विद्यालय को वार्षिक फाउंडेशन डे की हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कामना की कि विद्यालय इसी प्रकार निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे और भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होते रहें।
आईएमए रेवाड़ी की टीम निरंतर सामाजिक दायित्व निभाते हुए जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय योगदान दे रही है और प्रतिदिन विभिन्न विषयों पर समाज को जागरूक करने के लिए प्रयासरत है। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण साबित हुआ।





0 comments:
एक टिप्पणी भेजें