रेवाड़ी शहर के वार्ड नंबर 14 स्थित मौहल्ला भजन का बाग में बिजली विभाग की ओर से नया बिजली पोल लगाते समय एक घर की सीवर लाइन टूटने का मामला सामने आया है। सीवर लाइन टूटने से आसपास गंदा पानी फैलने के कारण मोहल्लावासी स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में शहर के वार्ड नंबर 14 से समाजसेवी प्रथम अग्रवाल तथा हर्ष गुलयानी ने मौके पर जाकर पीड़ित मकान मालिक से बात की ओर मीडिया के माध्यम से आवाज उठाकर प्रशासन से इसका जल्द समाधान कराने की मांग की।
स्थानीय निवासी मीना कुमारी तथा श्रवण कुमार आदि का कहना है कि खंभा (पोल) लगाने के दौरान बिना किसी तकनीकी जांच के खुदाई की गई जिसके चलते सीवर लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद से दूषित पानी फैलने के कारण मोहल्ले में बदबू, जलभराव से आवागमन में परेशानी हो रही हैं।
आरोप है कि सूचना देने के बावजूद भी न तो बिजली विभाग और न ही पब्लिक हेल्थ ने अब तक कोई संज्ञान लिया है। प्रथम अग्रवाल तथा हर्ष गुलयानी ने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण आम जनता को रोजमर्रा की जिंदगी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत सीवर लाइन की मरम्मत कराई जाए और जिम्मेदार अधिकारियों व ठेकेदारों पर कार्रवाई की जाए जिससे भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो सके।
आपको बता दें कि दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से आरडीएसएस स्कीम के तहत शहर की कंडक्टर बिजली लाइन को बदलने का काम किया जा रहा है पिछले दिनों भजन का बाग में भी केबल बदली गई थी। हालांकि इस संबंध में अभी बिजली विभाग तथा जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई पक्ष सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि मीडिया में आने के बाद उक्त दोनों विभाग इस पर क्या कार्रवाई अमल में लाते है।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें