रेवाड़ी में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सैंड आर्ट शो का आयोजन। रेत पर चार साहिबजादों के संघर्ष एवं शहादत की अमर कहानी उकेरी। एसडीएम सुरेश कुमार ने रेत कला प्रदर्शनी के उद्देश्य को सराहा। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को वीर साहिबजादों के जीवन से प्रेरणा लेने के लिए किया प्रोत्साहित।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशन में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पुत्रों चार साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान, संघर्ष और वीरता की गाथा को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य पर शनिवार को पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रेवाड़ी में सैंड आर्ट शो (रेत कला प्रदर्शनी) और जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर विधिवत रूप से किया।
हरियाणा के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में एनसीबी प्रोडक्शन के सैंड आर्टिस्ट मनीषा स्वर्णकार ने रेत कला को बड़ी स्क्रीन के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह के चारों साहिबजादों अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह व फतेह सिंह के शौर्य, संघर्ष और बलिदान से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों का प्रभावशाली प्रस्तुतीकरण किया। स्क्रीन पर उकेरे गए दृश्यों ने विद्यार्थियों को साहिबजादों के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके अदम्य साहस से परिचित कराया।
एसडीएम रेवाड़ी सुरेश कुमार ने सैंड आर्ट कला शो के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चार साहिबजादों की वीरगाथा से समाज के सभी वर्गों विशेषकर युवाओं को परिचित करवाते हुए उनके अद्वितीय बलिदान, संघर्ष और त्याग भरे जीवन से प्रेरणा दिलाने का बखूबी कार्य किया है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को वीर साहिबजादों के जीवन से शिक्षा लेनी चाहिए। जीवन में सच्चाई का साथ देते हुए बुराई के आगे नहीं झुकना चाहिए। वहीं विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि सैंड ऑफ आर्ट शो में खालसा पंथ की स्थापना के बाद की ऐतिहासिक घटनाओं, मुगल सत्ता के साथ संघर्ष, 1705 के युद्ध प्रसंग, गुरु गोबिंद सिंह जी द्वारा आनंदपुर साहिब त्यागने, सरसा नदी पर परिवार के बिछड़ने तथा माता गुजरी और छोटे साहिबजादों की गिरफ्तारी जैसे मार्मिक क्षणों को सैंड आर्ट के माध्यम से जीवंत दृश्य दिखाए गए। सैंड ऑफ आर्ट ने उपस्थित विद्यार्थियों को छोटे साहिबजादों की वीर गाथा से भावनात्मक रूप से गहराई से जोड़ दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार संत महात्माओं और महापुरुषों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संत महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना के तहत प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवा पीढ़ी उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए राष्ट्र के विकास में अपना योगदान दें।
सेंड आर्टिस्ट मनीषा स्वर्णकार ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा आमजन विशेषकर युवाओं को चार साहिबजादों की वीरगाथा से रूबरू करवाने के लिए रेत कला के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। एनसीबी प्रोडक्शन के तहत अलग-अलग टीमों द्वारा हरियाणा के सभी जिलों में सैंड ऑफ आर्ट के माध्यम से वीर साहिबजादों के जीवन संघर्ष, बलिदान और त्याग के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर वीर बाल दिवस विषय पर आधारित जिला स्तरीय निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने विचार लेखनी के माध्यम से प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में इतिहास के प्रति जागरूकता के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राजेश वर्मा, प्रिंसिपल मोनिका यादव, एआईपीआरओ पवन यादव, अधीक्षक हितेश कुमार, सैंड ऑफ आर्ट टीम से राजेश जोशी, प्रवक्ता पूनम यादव, अनिल यादव, मंच संचालक सुधीर यादव सहित विभिन्न स्कूलों के शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)
ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com
* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें
- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें