निरीक्षण के दौरान प्रस्तावित रूट लाइन का स्थलीय मुआयना किया गया और विभिन्न विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए गए. इस दौरान उप विकास आयुक्त, सिटी एसपी, अपर उपायुक्त, सिविल सर्जन, डीटीओ, उप नगर आयुक्त जेएनएसी तथा विद्युत, अग्निशमन एवं अन्य विभाग के पदाधिकारी मौजूद रहे. राष्ट्रपति सोनारी एयरपोर्ट से सड़क मार्ग द्वारा करनडीह कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगी.
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने सुरक्षा, प्रोटोकॉल, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं पार्किंग प्रबंधन को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति के आगमन के दौरान सुरक्षा एवं गरिमा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और सभी व्यवस्थाएं प्रोटोकॉल के अनुरूप होंगी.
इसी क्रम में आदित्यपुर स्थित राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) में भी राष्ट्रपति का आगमन प्रस्तावित है. कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा शहर के सौंदर्यीकरण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा रहा है. आदित्यपुर की पान दुकान चौक से एनआईटी मोड़ तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया, जिसमें सड़क किनारे अवैध रूप से लगे दुकानों और ठेलों को जेसीबी की मदद से हटाया गया. इस कार्रवाई में उपनगर आयुक्त पारुल सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह तथा पुलिस बल मौजूद रहा.
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि राष्ट्रपति के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर समीक्षा की जा रही है और पुलिस प्रशासन हर स्तर पर तैयार है. उन्होंने आश्वस्त किया कि कार्यक्रम सुरक्षित, व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न होगा.
रिपोर्ट: कालीदास मुर्मू, जामशेदपुर।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें