![]() |
| बिजली विभाग की लचर रवैये से नाराज ग्रामीण विरोध जताते |
ग्राम समाचार, दुमका। मसलिया प्रखंड क्षेत्र में बिजली विभाग की लचर व्यवस्था एक बार फिर सामने आई है। विगत 24 घंटों तक क्षेत्र के पांच फीडरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। लगातार बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर ठंड के मौसम में रातभर अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीणों में विभाग के प्रति गहरी नाराजगी देखी गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार महारो रेलवे ओवरब्रिज के पास 33 केवीए के केबल तार जल गई थी। इस तकनीकी खराबी के कारण मसलिया क्षेत्र की हजारों लाइनें प्रभावित हुईं। बताया गया कि इस मामूली गड़बड़ी को ठीक करने में बिजली विभाग को 24 घंटे से अधिक का समय लग गया, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया। इसी क्रम में मसलिया प्रखंड के सिंदूरपुर गांव के ग्रामीणों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा कि इतनी छोटी खराबी को दूर करने में इतना लंबा समय लगना विभाग की गंभीर लापरवाही और विफलता को दर्शाता है। प्रदर्शन के दौरान ग्राम सुंदरपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग भी शामिल हुए। विरोध प्रदर्शन में बाबूजन मुर्मू, देबिसोल हांसदा, रूबिसोल मुर्मू, सोयलन हांसदा, लुलित टुडू, रामजीत हांसदा, सोनातन हांसदा, चोंक किस्कू, पारसिला हांसदा, बहामुनी हेम्ब्रम, हुपनोई मरांडी, बहामुनी किस्कू, हेमलता मुर्मू, सोना सोरेन, बितिनी मुर्मू और सुनीता सोरेन समेत कई ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने मांग की कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही न हो और बिजली आपूर्ति को सुचारु रखने के लिए विभाग ठोस कदम उठाए। हालांकि शाम तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। इस संबंध में बिजली विभाग के कनीय अभियंता दीपक गुप्ता ने बताया कि तकनीकी खराबी को दूर कर दिया गया है और क्षेत्र में बिजली सप्लाई सामान्य कर दी गई है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें