ग्राम समाचार, गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत मेघी पंचायत के कुल्वाह गांव में सड़क निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों की परेशानी अब प्रशासन तक पहुँच गई है। शनिवार को प्रखंड प्रमुख जसिंता हेम्ब्रम ने उपायुक्त अंजली यादव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
दो दिन पूर्व आबुआ आवास योजना के तहत सीमेंट और छड़ से भरा ट्रैक्टर कीचड़नुमा सड़क में फंस गया था। न तो ट्रैक्टर आगे बढ़ पाया और न ही पीछे हट सका। इस घटना की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होते ही यह मामला चर्चा का विषय बन गया। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रखंड प्रमुख ने डीसी को लिखित आवेदन देकर सड़क निर्माण की मांग की।
प्रमुख ने कहा कि कुल्वाह गांव एक सुदूरवर्ती इलाका है, जहाँ सड़क वर्षों से जर्जर हालत में है। बरसात के मौसम में यह सड़क कीचड़ में तब्दील हो जाती है, जिससे ग्रामीणों को आवाजाही में भारी कठिनाई झेलनी पड़ती है।
उन्होंने मांग की कि जिला खनिज न्यास निधि (DMFT) के तहत प्राथमिकता पर सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को बुनियादी सुविधा मिल सके और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित हो। उपायुक्त ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की गंभीरता से जांच और शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें