ग्राम समाचार, ब्यूरो रिपोर्ट। गोड्डा जिले के बोआरीजोर सदर बाजार स्थित सरकारी अंग्रेजी शराब दुकानों में ग्राहकों से जबरन अधिक दाम वसूले जाने का मामला सामने आया है। बीती रात ग्राहकों ने बताया कि 8PM अंग्रेजी शराब का आधा बोतल, जिस पर प्रिंट रेट ₹370 अंकित है, दुकानदारों द्वारा ₹410 में बेचा गया। यानी एक बोतल पर ₹40 तक का अवैध मुनाफा वसूला जा रहा है। ग्राहकों के विरोध करने के बावजूद दुकानदारों ने नई शराब लिस्ट का हवाला देकर मनमानी की।
यही नहीं, शराबियों को भी मजबूरी में अधिक दाम देकर खरीदना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि जिले की लगभग सभी सरकारी शराब दुकानों में इसी तरह अवैध वसूली का खेल जारी है, लेकिन जिला आबकारी विभाग या स्थानीय प्रशासन अब तक इस पर अनभिज्ञ बना हुआ है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राजाभीठा थाना क्षेत्र के केड़ो बाजार के सरकारी अंग्रेजी शराब दुकानों में भी अवैध वसूली का मामला सुर्खियों में आया था। इसके बावजूद बोआरीजोर सदर बाजार में फिर से ऐसी घटनाओं का होना जिला प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
सरकारी शराब दुकानों में प्रिंट रेट से अधिक दाम पर शराब बेचना न सिर्फ उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है बल्कि भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा देता है। एक तरफ सरकार तय दर पर शराब उपलब्ध कराने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर दुकानदार खुलेआम अवैध वसूली कर रहे हैं।
यदि प्रशासन इस पर जल्द कार्रवाई नहीं करता तो यह मनमानी आम ग्राहकों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डालती रहेगी और अवैध वसूली का सिलसिला और मजबूत होगा। समय आ गया है कि जिला प्रशासन और आबकारी विभाग मिलकर इस पर सख्त कदम उठाएं ताकि आम ग्राहकों को तय रेट पर ही शराब उपलब्ध हो सके ओर आम ग्राहकों को राहत मिल सके।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें