ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। इस वर्ष मकर संक्रांति के दिन भगवान मधुसूदन की शोभायात्रा नहीं निकलकर 15 जनवरी को निकाली जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर भगवान मधुसूदन मंदिर का रंग रोगन का काम पूरा कर लिया गया है। बगडुंबा ड्योढ़ी परिवार एवं धर्मरक्षिणी महासभा के द्वारा शोभायात्रा की पूर्व से तैयारी भी की जा रही है। भगवान के गरुड़ रथ का रंग रोगन कार्य किया जा रहा है। हालांकि शोभा यात्रा को लेकर प्रशासनिक स्तर पर बैठक भी नहीं की गई है। भगवान मधुसूदन हर साल मकर संक्रांति के दिन रथ पर विराजमान होकर राजा
रजवाड़ा की तरह मधुसूदन मंदिर से निकलकर मंदार भ्रमण पर पहुंचते हैं। भगवान के रथ के पीछे पीछे हजारों श्रद्धालुओं की टोली जय कारा लगाते हुए साथ चलते हैं। मंदार के पूर्वी तराई में स्थित नाथ स्थान में बने फगदोल पर भगवान को विराजमान किया जाता है। पौराणिक मान्यता है कि, भगवान मधुसूदन की रथ यात्रा को लेकर ही बौंसी मेला का आयोजन होता चला आ रहा है। आयोजन से जुड़े बगडुंबा ड्योढ़ी के मंटू सिंह ने बताया कि, भगवान मधुसूदन की शोभायात्रा की तैयारी की जा रही है। रथ का रंग रोगन का कार्य जल्द शुरू होगा। अंचलाधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शोभायात्रा को लेकर जल्द ही बैठक की जाएगी।
सोनू गुप्ता,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें