ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। मां सरस्वती की मूर्ति का विसर्जन रविवार को शुरू हो गया। प्रखंड क्षेत्र में कुछ जगहों पर नम आंखों से मां सरस्वती को रविवार को विदाई दी गई। हालांकि रविवार होने की वजह से कम विसर्जन किया गया। सोमवार को होने जा रहे विसर्जन को देखते हुए, पुलिस ने तैयारी कर ली है। पूजा समितियों के लिए गाइडलाइन्स जारी कर दी गई है। सभी को इस गाइडलाइन्स का पालन करना अनिवार्य होगा। गाइडलाइन्स के मुताबिक, विसर्जन में पैदल जुलूस पर पाबंदी लगा दी गई है। हाथी घोड़ा और डीजे पर भी पूरी तरह से रोक रहेगी। मूर्ति वाहन से ले जाया जाएगा। हरेक वाहन के पीछे पुलिस रहेगी। यही नहीं उसकी वीडियोग्राफी भी होगी। मूर्ति के साथ वाहन में अधिक से अधिक
20 लोग रहेंगे। इससे ज्यादा रहने पर पुलिस कार्रवाई करेगी। नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मालूम हो कि,बौसी प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को मां सरस्वती की पूजा बड़े ही धूमधाम से मनाई गई थी। प्रखंड स्थित परमेश्वर लाल खेमका सरस्वती शिशु विद्या मंदिर,थाना काॅलनी,मधुसूदन मंदिर,ब्रह्मपुर सहित कई शिक्षण संस्थानों एवं समिति सदस्यों के द्वारा विधिवत पूजा अर्चना की गई थी। हालांकि कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक ही प्रखंड क्षेत्र में सरस्वती पूजा की गई थी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन द्वारा प्रखंड क्षेत्र में पैनी नजर रखी गई थी और अब विसर्जन भी कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक ही करनी पड़ेगी। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस प्रशासन द्वारा विधि व्यवस्था के तहत विभिन्न जगहों पर पुलिस बल की तैनाती की है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें