ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। बौंसी प्रखंड में इस वर्ष सार्वजनिक जगहों पर सरस्वती पूजा का आयोजन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। इस आशय में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष अरविंद कुमार राय ने बताया कि कोरोना की वजह से इस बार सार्वजनिक जगहों पर सरस्वती पूजा की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस बार भी पंडाल लगाने या डीजे बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अगर कोई डीजे बजाता है तो, डीजे वाले पर भी और साथ में बजाने वाले पर भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। श्रद्धालुओं को अपने-अपने घरों पर ही पूजा करने की अनुमति होगी। वहीं दूसरी ओर प्रखंड क्षेत्र के सभी मूर्तिकार प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं। प्रतिमा निर्माण कार्य
को अंतिम रूप देते हुए नरेश पंडित ने बताया कि, वह विगत 20 वर्षों से यहां प्रतिमा बना रहे हैं। लेकिन पिछले वर्ष एवं इस वर्ष जैसी स्थिति कभी नहीं रही। पूर्व के वर्षों में प्रतिमा निर्माण प्रारंभ करते ही लोग प्रतिमा की अग्रिम बुकिंग कर लेते थे। परंतु इस बार अब तक मात्र 20 पीस प्रतिमाओं का ऑर्डर बुक किया गया है। उन्होंने बताया कि, इस बार हमने 101 प्रतिमा का निर्माण किया है। वहीं ब्रह्मपुर निवासी मूर्तिकार नकुल पंडित का कहना है कि, उन्होंने 20 प्रतिमा का निर्माण किया है। जिसमें अभी सिर्फ 4 प्रतिमा का बुकिंग हुआ है। जबकि 3 से 4 कारीगर दिसंबर माह से ही प्रतिमा निर्माण करने के कार्य में जुटे हैं। लगभग अब प्रतिमा को अंतिम स्वरूप देने ही वाले हैं। जहां अब ग्राहकों की प्रतीक्षा कर रहे हैं। कम संख्या में ऑर्डर मिलने से कारीगरों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है। जबकि इस प्रतिमा निर्माण में दोनों जगहों से कुल 9
कारीगर दिन-रात जुटे हैं। जिसमें अब तक लगभग 70 हजार से 80 हजार की लागत लग चुकी है। मूर्तिकार नरेश पंडित ने बताया कि, इस बार बांस, पुआल एवं मिट्टी महंगे होने के कारण प्रतिमा का भी लागत मूल्य अधिक होने के कारण इस बार न्यूनतम 1000 से 3000 मूल्य की प्रतिमा का निर्माण किया गया है। मूर्ति निर्माण में जुटे नरेश पंडित, जितेंद्र पंडित, वीरेंद्र पंडित, रेखा देवी, रूपम देवी, धर्मेंद्र पंडित, रवि कुमार, बास्की पंडित एवं नकुल पंडित ने सरकार से कोरोना गाइडलाइन का पालन कर सरस्वती पूजा करने की छूट सहित प्रतिमा निर्माण में जुटे कारीगरों को सरकारी सहायता देने की मांग की है। मालूम हो कि, इस बार सरस्वती पूजा समारोह 5 फरवरी को आयोजित किया जाएगा। परंतु कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रशासन द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सरस्वती पूजा पर रोक लगा दिया गया है।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें