ग्राम समाचार,बौंसी,बांका। नववर्ष का जश्न मनाने के लिए हजारों सैलानी ऐतिहासिक मंदार पर्वत पहुंचे। मंदार पर्वत पर सैलानियों की भीड़ दिनभर लगी रही। बांका जिला के अलावा भागलपुर, मुंगेर, नवगछिया सहित झारखंड के कई हिस्सों से हजारों की संख्या में लोग नया साल मनाने के लिए मंदार पहुंचे। कई लोगों ने मंदार पर्वत पर पैदल ही चढ़ाई की। तो कई लोगों ने रोपवे का लुफ्त उठाया। नया साल का जश्न मनाने के दौरान कई परिवारों ने पर्वत पर ही वनभोज का आयोजन कर नए साल का जश्न मनाया। इस दौरान प्रशासनिक पदाधिकारी लगातार मंदार पर गश्त करते रहे। कोरोना काल को देखते हुए जिला प्रशासन ने कोविड नियमों के
पालन हेतु दिशा निर्देश जारी किया था। इस दौरान रोपवे से सफर करने को लेकर लोगों में अच्छा खासा उत्साह देखा गया। मालूम हो कि, मंदार पर्वत पर नववर्ष को लेकर हजारों की संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। वहीं दूसरी ओर नव वर्ष के शुभारंभ के साथ ही शनिवार को ऐतिहासिक मधुसूदन मंदिर में बौंसी प्रखंड के अलावा झारखंड से आए सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। नव वर्ष पर तड़के ही भक्तों का मंदिर आना शुरू हो गया। मंदिर में भगवान की पूजा अर्चना कर लोगों ने अपने परिजनों के लिए आशीर्वाद मांगा। नए साल पर पूजा करने आए कई श्रद्धालुओं ने कहा कि, भगवान मधुसूदन का साल के पहले दिन पूजा करना बड़े ही सौभाग्य की बात है। पूरा साल अच्छा बीते इसके लिए भगवान की पूजा करने के लिए आए हैं। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कुमार चंदन,ग्राम समाचार संवाददाता,बौंसी।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें