रेवाड़ी : भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट वंदना पोपली ने कहा कि किसानों के नाम पर विधायकों को बरगलाकर सरकार गिराने के सपने देखने वाली कांग्रेस को अविश्वास प्रस्ताव ने आईना दिखाने का काम कर दिया है। कांग्रेस का अविश्वास प्रस्ताव औंधे मुंह गिर जाने से यह बात साबित हो चुकी है कि प्रदेश की मनोहरलाल सरकार का कोई विरोध नही है।
बुधवार को जारी एक बयान में वंदना ने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि कानून किसानों की आय दोगुणा करने की नीयत से बनाए हैं। इन कानूनों के नाम पर कांग्रेस किसानों को बरगलाने का काम कर रही है, जबकि हकीकत यह है कि खुद कांग्रेसी नेताओं को इन कानूनों की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यह कभी नहीं चाहेंगे कि किसानों का अहित हो। उन्होंने यह कानून किसानों के हित में लागू कराएं हैं, ताकि किसानों को उनकी फसलों का अच्छा मूल्य मिल सके। भाजपा नेत्री ने कहा कि प्रदेश में सीएम मनोहरलाल हर वर्ग के लोगों के विकास की दिशा में काम कर रहे हैं। गठबंधन सरकार का प्रयास प्रदेश का चहुंमुखी विकास करना है। कांग्रेस इस सरकार को कमजोर करने की साजिश रच रही है। यही कारण है कांग्रेसी नेताओं ने सरकार गिराने की नीयत से विधायकों को बरगलाने का कुप्रयास भी किया, लेकिन विधायकों ने पूरे विवेक से काम लेते हुए सरकार में आस्था जताते हुए विपक्ष के इरादों को नाकाम कर दिया। अब कांग्रेसी नेताओं का सरकार गिराने का सपना टूट चुका है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें