Bhagalpur News;इंटर आर्ट्स संकाय में राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीएनबी कॉलेज की छात्रा नंदिनी भारती को मुख्य प्रवक्ता सह जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक भुवानिया ने दी बधाई
ग्राम समाचार, भागलपुर। इंटर परीक्षा 2021 के आर्ट्स संकाय में पूरे राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाली टीएनबी कॉलेज की छात्रा नंदिनी भारती को मुख्य प्रवक्ता सह जदयू व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक भुवानिया ने बधाई दी है। श्री भुवानिया ने नंदिनी भारती का हौसला बढ़ाने के लिए शनिवार को लहेरी टोला स्थित उनके आवास पर जाकर नंदिनी को अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित भी किया। इस मौके पर उपस्थित नंदिनी के पिता शंकर प्रसाद गुप्ता और माता को भी बधाई दी। इसके उपरांत श्री भुवानिया ने शुक्रवार को जारी इंटरमीडिएट के रिजल्ट में कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में बेटियों के शीर्ष स्थान प्राप्त करने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई देते हुए उन बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उन्होंने कहा है कि बिहार में बेटियां इतिहास रचने का काम कर रहीं हैं। बिहार में बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए मुख्यमंत्री द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रहीं हैं, जो पढ़ाई के प्रति बेटियों में उत्साह भरने का काम कर रहा है। परीक्षा परिणाम साबित करता है कि बेटियों को अवसर दिया जाए तो वह किसी से कम नहीं हैं। बिहार की बेटियां हर क्षेत्र में कामयाबी की परचम लहरा रहीं है। शिक्षा ने बेटियों को न सिर्फ आत्मनिर्भर बनाया है बल्कि शिक्षा से बेटियों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है। बिहार सरकार बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए जन्म के बाद से पूर्ण शिक्षा प्राप्त करने तक की विभिन्न योजनाएं चला रहीं है। उन योजनाओं में कन्या-उत्थान योजना, पोशाक राशि योजना, मुख्यमंत्री साईकिल योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुरक्षा योजना आदि अपनी अहम भूमिका निभा रही है। बिहार में बेटियों की शिक्षा के बाद विवाह के लिए भी मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना चल रही है। उन्होंने बिहार की बेटियों में उत्साह भरते हुए कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और पढ़ाई के रास्ते में अड़चन आने पर मुख्यमंत्री की योजनाओं का लाभ लें। उन्होंने कहा कि बेटियां शिक्षा के बल पर ही आज देश के विकास में अपना योगदान दे रहीं हैं। आज माता-पिता बेटियों के पैदा होने पर शोक नहीं मनाते बल्कि गर्व करते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की है कि बेटियों को शिक्षा दिलाने के लिए बढ़-चढ़ कर आगे आएं।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें