| अटल किसान-मजदूर कैंटीन का उद्घाटन करते एसडीएम रविंद्र यादव, साथ में एसई मार्केटिंग बोर्ड राजेश घनघस, कार्यकारी अभियंता आनंद कुमार व सचिव सत्यप्रकाश । |
ग्राम समाचार न्यूज़ : रेवाड़ी : प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की पहल पर हरियाणा की सभी अनाज मंडियों में किसानों और मजदूरों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध करवाने के लिए अटल किसान-मजदूर कैंटीन खोली जा रही है। एसडीएम रविंद्र यादव ने बुधवार को रेवाड़ी की अनाज मंडी में किसान भवन के नजदीक अटल किसान-मजदूर कैंटीन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अनाज मंडियों में किसानों और मजदूरों के लिए सस्ते भोजन की व्यवस्था की जा रही है। इससे पहले करनाल, पंचकुला, भिवानी फतेहाबाद और नूंह में अटल किसान-मजदूर कैंटीन खोली जा चुकी है और आज से रेवाड़ी में भी यह कैंटीन शुरू हो गई है। एसडीएम ने बताया कि अटल किसान-मजदूर कैंटीन में किसानों और मजदूरों को 10 रुपये प्रति थाली के हिसाब से भोजन दिया जाएगा, इसमें 15 रुपये प्रति थाली का खर्च हरियाणा राज्य विपणन बोर्ड द्वारा वहन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस कैंटीन में प्रतिदिन 300 थाली की व्यवस्था होगी। कैंटीन में गैस बर्नर, चिमनी, फ्रीज, पीने का पानी, सीसीटीवी कैमरे तथा इलैक्ट्रोनिक बिलिंग मशीन जैसी सुविधाएं प्रदान की गई है। इस कैंटीन में हरियाणा राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन (एचएसआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्तम क्वालिटी का पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जाएगा। भोजन में तवा चपाती, चावल, फ्राइड दाल, मौसमी सब्जी और पीने का पानी शामिल है। रसोई की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाएं गए हैं। लेनदेन में पारदर्शिता रखने के लिए इलैक्ट्रोनिक बिलिंग मशीनें भी स्थापित की जा रही है। बाक्स : स्वयं सहायता समूह की महिलाएं संभालेगी रसोई : हरियाणा राज्य ग्रामीण आजिविका मिशन रेवाड़ी ग्रामीण विकास विभाग हरियाणा के तत्वाधान में स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाए गए नया सवेरा महिला महासंघ की सदस्यों द्वारा अटल किसान-मजदूर कैंटीन संचालित की जाएगी। किसान अटल कैंटीन शुरू होने से किसान-मजदूर को सस्ता एवं शुद्घ खाना मिलेगा जबकि स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार मिलेगा। नया सवेरा महिला कलस्टर की कुसुम लता, सुदेश, सजनी, रीना, सुनीता, सुशीला, कमला, रोशनी, सुनीता और राजबाला फिलहाल रसोई की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कैंटीन का समय सुबह 11 बजे से तीन बजे तक रखा गया है। इस अवसर पर एसई मार्केटिंग बोर्ड राजेश घनघस, कार्यकारी अभियंता आनंद कुमार, सत्य प्रकाश सचिव मार्केट कमेटी, विक्रम सिंह एसडीओ, डीपीएम आफताब, संजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें