Rewari Crime News : डकैती व ब्लाइंड मर्डर से उठा पर्दा, डकैती डालने तथा हत्या करने के मामले में छह आरोपी गिरफ्तार, एसपी ने थपथपाई पीठ

ग्राम समाचार, रेवाड़ी।  31 दिसंबर की रात को शहर के मोहल्ला हंस नगर में बिजली विभाग से सेवानिवृत्त जेई रोशन लाल की हत्या कर डकैती डालने के मामले को सुलझाते हुए सीआईए रेवाड़ी ने एक गैंग के छह सदस्यों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अलवर के देसुला रोड निवासी रिंकू उर्फ कालिया हाल आबाद खड्डा बस्तरी रेवाडी, दिल्ली नरुला के वाकनेर निवासी हारून उर्फ समीर, शामली उत्तर प्रदेश के नाला निवासी आरिफ,जुबेदा व सोनिया तथा पानीपत निवासी असलम के रूप में हुई है।

आरिफ वर्तमान में पानीपत के चांदनी बाग एरिया में रह रहा था। जुबेदा व सोनिया को आरोपियों को पनाह देने के आरोप में गिरफ्तार किया है तथा जुबेदा से एक जोड़ी सोने के टापस व दस हजार रुपये तथा सोनिया से एक सोने की चेन व दस हजार रुपये बरामद हुए है।

आरोपियों को पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। मंगलवार सीआईए रेवाड़ी में पत्रकारवार्ता के दौरान डीएसपी राजेश लोहान ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस अधीक्षक नाजनीन भसीन ने इंचार्ज सीआइए विद्यासागर के नेतृत्व में टीम गठित कर आरोपियों को शीघ्रता से गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस टीम दिन-रात एक कर आरोपियों की तलाश में जुटी रही।

पुलिस टीम को जैसे-जैसे वारदात करने वाले आरोपियों के बारे में इनपुट मिलते गए, जांच को आगे बढ़ाया गया। सोमवार को पुलिस ने नाईवाली पुल के नीचे से एक आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया। रिंकू से पूछताछ की तो उसके अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिली। सभी आरोपियों को रात को ही काबू कर लिया गया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

आरोपी रिंकू व स्थानीय निवासी एक व्यक्ति को इस बात का अंदेशा था कि रोशन लाल के घर डकैती की डाली जाए तो मोटी रकम मिल सकती है। दोनों ने रोशन लाल के घर वारदात करने के लिए हारुन उर्फ समीर व आरिफ से संपर्क किया। वारदात के दिन समीर व आरिफ अपने साथियों के साथ रेवाडी आ गए थे। वारदात की रात सात लोग घर में घुसे थे।

आरोपियों का इरादा सिर्फ नकदी व जेवरात लूटने का था, परंतु वारदात के दौरान आरोपियों ने रोशन व उनकी पत्नी गुलाब देवी पर हमला कर दिया तथा इस दौरान रोशन लाल की मौत हो गई।

डीएसपी ने बताया की आरोपियों को अदालत से पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान आरोपियों के अन्य साथियों व लूटी गई नकदी, जेवरात, वारदात में प्रयुक्त हथियारों के बारे में पूछताछ की जाएगी। आरोपियों के कुछ और साथियों के नाम पुलिस को मिले है, जिनकी तलाश की जा रही है तथा उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

एसपी ने सीआईए टीम को दी बधाई

हत्या व डकैती की ब्लाइंड वारदात को सुलझाने वाली सीआईए रेवाड़ी की टीम को पुलिस अधीक्षक नाजनीन भसीन ने पीठ थपथपाते हुए बधाई दी है तथा इतने कम समय में वारदात में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार करने की सराहना की। उन्हाेंने कहा कि टीम में शामिल सभी पुलिसकर्मियों ने दिन-रात मेहतन कर इस वारदात को सुलझाने में सफलता हासिल की है। वारदात सुलझाने वाली टीम के सभी सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

- राजेश शर्मा, ग्राम समाचार, रेवाड़ी।
Share on Google Plus

Editor - न्यूज डेस्क, नई दिल्ली. Mob- 8800256688

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें