रेवाड़ी के आईजीयू मीरपुर में तीन दिवसीय 9वें अंतर-क्षेत्रीय युवा महोत्सव 'हिंडोला-2026' का हुआ रंगारंग आगाज। पहले दिन युवाओं ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग; हरियाणवी कलाकार राज मावर की लाइव प्रस्तुति पर झूमे दर्शक। कुलपति का बड़ा ऐलान: अगले वर्ष हिंडोला-2027 में अहीरवाल संस्कृति से संबंधित विशेष प्रतियोगिता होगी शामिल। हुनर से अवसर मिलते हैं, अनुशासन व लगन से सफलता: प्रो. असीम मिगलानी।
रेवाड़ी के इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर में शुक्रवार को तीन दिवसीय 9वें अंतर-क्षेत्रीय (इंटर-जोनल) युवा महोत्सव 'हिंडोला-2026' का दीप प्रज्वलन एवं कुलगीत के साथ भव्य व रंगारंग शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ जोन के 35 महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी कला का बेजोड़ प्रदर्शन कर खूब वाहवाही लूटी। तीन दिवसीय युवा महोत्सव का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ करते हुए कुलपति प्रो. असीम मिगलानी ने कहा कि युवा महोत्सव युवाओं को न केवल अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा निखारने का मंच प्रदान करता है, बल्कि सामूहिक रूप से जनमानस तक अपनी कला के माध्यम से संवेदनाओं व भावनाओं को पहुंचाने का मार्ग भी प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि "हुनर के बल पर केवल अवसर मिल सकते हैं, लेकिन अनुशासन, लगन व निरंतर प्रयासों से ही जीवन में लक्ष्यों को हासिल करने में सफलता मिलती है।" कुलपति ने युवाओं को पूरे आत्मविश्वास, जोश और रचनात्मकता के साथ राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय, समाज व देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रेरित किया। मंच से बड़ी घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि अहीरवाल क्षेत्र की देश-प्रदेश में अपनी अमिट पहचान है और इसी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए अगले वर्ष 'हिंडोला-2027' में अहीरवाल की संस्कृति पर आधारित एक नई प्रतियोगिता शुरू की जाएगी। साथ ही, उन्होंने पिछले दिनों पुरस्कार जीतने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।
कुलसचिव प्रो. दिलबाग सिंह ने मुख्य व विशिष्ट अतिथियों का परिचय करवाते हुए कहा कि उद्यमशील युवा समाज व देश की सर्वोत्तम पूंजी हैं। युवा समर्पित भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और अपनी सांस्कृतिक धरोहर का सम्मान करें, तभी देश व समाज की प्रगति संभव है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल व नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. डी.पी. भारद्वाज ने कहा कि युवा महोत्सव का मंच केवल पुरस्कार जीतने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रतिभाओं को तराशकर उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। युवा अपनी कला और भारतीय मूल्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा दिखाने का कार्य करते हैं। वहीं, संस्कार भारती के क्षेत्रीय संगठन मंत्री एवं विशिष्ट अतिथि विजय कुमार ने युवाशक्ति व राष्ट्रचेतना के माध्यम से वर्ष 2047 तक भारत को 'विकसित राष्ट्र' और पुनः 'विश्व गुरु' बनाने का आह्वान किया। उन्होंने नालंदा व तक्षशिला जैसे प्राचीन विश्वविद्यालयों के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि सामाजिक जिम्मेदारी के लिए किसी पद की आवश्यकता नहीं होती, युवा अपनी योजनाओं में देशहित को सर्वोपरि रखें।
कार्यक्रम के प्रारंभ में अधिष्ठाता छात्र कल्याण (डीएसडब्ल्यू) प्रो. करण सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए तीन दिवसीय महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की। अंत में युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग (डीवाईसीए) की निदेशक प्रो. अदिति शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, जजों, मीडिया कर्मियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. ईश्वर शर्मा ने किया। इस अवसर पर पद्मश्री प्रो. एस.एस. यादव, डॉ. सीमा मिगलानी, अधिष्ठाता प्रो. सुनील कुमार, डॉ. सुशांत यादव, प्रो. तेज सिंह, प्रो. सतीश खुराना, प्रो. सतेंद्र बल, प्रो. रोमिका बत्रा सुखीजा, प्रो. विकास बत्रा, डॉ. सुधीर सहित सभी विभागाध्यक्ष (चेयरपर्सन), संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, गैर-शिक्षण कर्मचारी, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
महोत्सव के पहले दिन विभिन्न प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए वीर विकास, राधिका, संजना रानी, चिनमय पराशर, नेहा शर्मा, अनिल कुमार, लियाकत अली, हुकुम चंद, चट्टार पाल, पुखराज, गीता यादव, रमन रोहिल्ला, हरिकेश पांगल, बृज मोहन, सुमन रानी, अजय यादव, जितेंदर कुमार, परमिला कुमारी और सुरेंदर मोरवाल आदि विशेषज्ञ जज के रूप में उपस्थित रहे।
महोत्सव के पहले दिन चारों मंचों पर क्रिएटिव कोरियोग्राफी, हरियाणवी साफा मेकिंग, स्किट, माइम, क्लासिकल वोकल सोलो, क्लासिकल इंस्ट्रुमेंटल सोलो (परक्युशन व नॉन-परक्युशन), ग्रुप सॉन्ग (इंडियन), लाइट वोकल, हरियाणवी लोकगीत सोलो, हिंदी व हरियाणवी कविता पाठ, संस्कृत वक्तृता, श्लोक उच्चारण, क्विज, ऑन द स्पॉट पेंटिंग और क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिताओं में युवाओं ने सामाजिक, देशभक्ति, धर्म व लोक कल्याण के विषयों पर मार्मिक प्रस्तुतियां दीं। शाम को मुख्य मंच पर प्रसिद्ध हरियाणवी कलाकार राज मावर ने अपनी टीम के साथ सुपरहिट गीतों की लाइव प्रस्तुति देकर ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर झूम उठा।
महोत्सव के दूसरे दिन शनिवार को मुख्य मंच (स्टेज-1) पर लोक आर्केस्ट्रा, हरियाणवी सोलो डांस (पुरुष व महिला), वन एक्ट प्ले और मिमिक्री का मंचन होगा। स्टेज-2 पर वेस्टर्न इंस्ट्रुमेंटल सोलो, वेस्टर्न वोकल (सोलो), वेस्टर्न ग्रुप सॉन्ग और रीति-रिवाज (रिचुअल्स) की प्रस्तुतियां होंगी। स्टेज-3 पर रील/यूट्यूब शॉर्ट मेकिंग, हिंदी व अंग्रेजी भाषण (वाग्मिता व एलोक्यूशन) तथा अंग्रेजी, पंजाबी और उर्दू कविता पाठ होगा, जबकि स्टेज-4 पर कोलाज और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त महोत्सव के आगामी दिनों में प्रसिद्ध हरियाणवी गायक बिन्दर दनौदा और सोमवीर कथूरवाल भी अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें