Rewari News :: आशियाना बाबा फरीद सेवा आश्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने शिरकत कर कैंप का शुभारंभ किया

रेवाड़ी में आशियाना बाबा फरीद सेवा आश्रम में रक्तदान शिविर का आयोजन. रक्तदान महादान: स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में उमड़ा जनसैलाब, शिविर में 56 यूनिट रक्त एकत्रित किया. नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल ने शिरकत कर कैंप का शुभारंभ किया.


रेवाड़ी में आशियाना बाबा फरीद सेवा वृद्धाश्रम में रविवार को एक विशाल ‘स्वैच्छिक रक्तदान शिविर’ का आयोजन किया गया। समाज सेवा और परोपकार की इसी कड़ी में आयोजित इस शिविर में स्थानीय नागरिकों, युवाओं और प्रबुद्ध संस्थाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। शिविर के दौरान कुल 56 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो किसी के जीवन को बचाने में अमूल्य योगदान देगा। 


कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि विनीता पिप्पल (अध्यक्षा, नगर परिषद, रेवाड़ी), सम्मानित अतिथि नरेंद्र कुमार (सचिव एवं कार्यकारी अधिकारी, मार्केट कमेटी, रेवाड़ी) तथा अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। 



इसके पश्चात् देशप्रेम और सेवा की भावना से ओतप्रोत 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि विनीता पिप्पल ने अपने उद्बोधन में कहा, "रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। हमारे द्वारा दिया गया रक्त किसी मरते हुए व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। आज के इस शिविर में युवाओं और समाज के हर वर्ग की भागीदारी यह दर्शाती है कि रेवाड़ी की जनता जन-सेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रहती है।" 


सम्मानित अतिथि नरेंद्र यादव ने आयोजकों और रक्तदाताओं की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान न केवल दूसरों की जान बचाता है, बल्कि यह हमारे स्वयं के स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने समाज के हर स्वस्थ व्यक्ति से समय-समय पर रक्तदान करने का आह्वान किया। शिविर में पधारे अन्य वक्ताओं और समाजसेवियों ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए स्वैच्छिक रक्तदान ही रक्त की कमी को पूरा करने का एकमात्र जरिया है।



इस पुनीत कार्य में बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट, श्री राम शाखा व विवेकानंद शाखा (भारत विकास परिषद, रेवाड़ी), रोटरी क्लब ऑफ रेवाड़ी मेन, जन सेवा ब्लड बैंक (रेवाड़ी) और एचडीएफसी बैंक (रेवाड़ी) का विशेष एवं सराहनीय योगदान रहा। सभी संस्थाओं के पदाधिकारियों और वालंटियर्स ने शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने में दिन-रात एक कर दिया। 


ब्लड बैंक की विशेष मेडिकल टीम द्वारा पूरी सावधानी और सुरक्षा मानकों का ध्यान रखते हुए रक्त एकत्र किया गया। सभी रक्तदाताओं को प्रोत्साहन स्वरूप प्रशस्ति पत्र और बैज देकर सम्मानित किया गया, साथ ही उनके लिए पौष्टिक आहार की भी व्यवस्था की गई थी।


कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकों की टीम और विशेष रूप से सभी रक्तदाताओं का हृदय से आभार व्यक्त किया। 


उन्होंने कहा कि आप सभी के सहयोग के बिना इस महायज्ञ को सफल बनाना संभव नहीं था। 56 यूनिट रक्त का यह संग्रह निश्चित रूप से कई जरूरतमंदों की जिंदगी बचाएगा.

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें