रेवाड़ी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रेवाड़ी द्वारा संचालित ‘स्वस्थ रेवाड़ी, सजग रेवाड़ी’ – स्वस्थ पीढ़ी मिशन 2026 के अंतर्गत आरडीएस गर्ल्स कॉलेज में मासिक धर्म जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य ने आईएमए की टीम का स्वागत करते हुए इस जनस्वास्थ्य अभियान में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में आईएमए की वरिष्ठ चिकित्सकों की टीम ने छात्राओं एवं महिला प्राध्यापिकाओं को मासिक धर्म, व्यक्तिगत स्वच्छता, महिलाओं के प्रजनन स्वास्थ्य तथा विभिन्न स्त्री रोगों के प्रति जागरूक किया।
डॉ. पूनम यादव ने सत्र का संचालन करते हुए छात्राओं को प्रेरित किया कि मासिक धर्म एक पूर्णतः प्राकृतिक जैविक प्रक्रिया है। इसे लेकर शर्म और संकोच के बजाय सही जानकारी, सकारात्मक सोच और उचित मार्गदर्शन अपनाने की आवश्यकता है।
डॉ. किरण ने मासिक धर्म की प्रक्रिया, सामान्य एवं असामान्य लक्षणों तथा स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उचित स्वच्छता अपनाकर संक्रमण से बचाव किया जा सकता है। संवादात्मक सत्र के दौरान छात्राओं की जिज्ञासाओं और भ्रांतियों का सरल भाषा में समाधान किया गया।
डॉ. कीर्ति किशोर शर्मा ने मासिक धर्म से संबंधित अनियमितताओं, पीसीओडी तथा हार्मोनल बदलावों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने संतुलित खानपान, नियमित व्यायाम, स्वस्थ वातावरण और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही छात्राओं को बताया कि किन परिस्थितियों में चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है।
डॉ. श्वेता ने श्वेत प्रदर से संबंधित भ्रांतियों को दूर करते हुए सामान्य एवं असामान्य लक्षणों की जानकारी दी। उन्होंने गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर की जांच हेतु लिक्विड पैप टेस्ट तथा सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण के महत्व के बारे में भी जागरूक किया।
महाविद्यालय की महिला प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. मिथिलेश ने आईएमए की टीम का आभार व्यक्त करते हुए छात्राओं के लिए समय-समय पर यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य शिक्षा तथा व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए निरंतर सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. कीर्ति किशोर शर्मा के मार्गदर्शन में छात्राओं ने मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने तथा समाज में सही स्वास्थ्य जानकारी का प्रसार करने का संकल्प लिया।
आईएमए रेवाड़ी का यह प्रयास किशोरियों एवं युवतियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। ‘स्वस्थ रेवाड़ी, सजग रेवाड़ी’ अभियान का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि एक जागरूक और स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण करना भी है।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें