रेवाड़ी के गांव मोहम्मदपुर निवासी प्रो. डॉ. संदीप यादव को हांगकांग की प्रतिष्ठित हैंग सैंग यूनिवर्सिटी में 17-18 नवंबर को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय International GILT Research Symposium में बतौर Invited Speaker (आमंत्रित वक्ता) आमंत्रित किया गया है। इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में दुनिया भर के प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री, उद्योग विशेषज्ञ, शिक्षाविद् और शोधार्थी भाग लेंगे। संगोष्ठी में वैश्विक व्यापार, ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) टेक्नोलॉजी और सतत विकास के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
डॉ. संदीप यादव वर्तमान में इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर (रेवाड़ी) के वाणिज्य विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पूर्व वे राजकीय महाविद्यालय अटेली तथा हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (HVPN) में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वाणिज्य एवं अर्थव्यवस्था, विशेषकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था, वित्तीय समावेशन, सतत विकास और समकालीन आर्थिक विषयों पर उनके अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं।
हांगकांग में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में डॉ. यादव का शोध विषय “वैश्विक बैटरी का स्थानीयकरण: प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, क्षमता अनुवाद और भारत में EV सेल निर्माण का अंतर” रहेगा। उनका शोध भारत में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) उद्योग के विकास, बैटरी निर्माण में आत्मनिर्भरता, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण तथा घरेलू विनिर्माण क्षमता को मजबूत बनाने से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर केंद्रित है। यह विषय भारत सरकार के मेक इन इंडिया अभियान और इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है।
बतौर आमंत्रित वक्ता अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने शोध विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलना डॉ. संदीप यादव के अकादमिक एवं शोध कार्यों की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनके इस चयन से क्षेत्र के साथ-साथ इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरव बढ़ेगा।
डॉ. संदीप यादव की इस उपलब्धि पर वाइस चांसलर प्रोफेसर असीम मिगलानी, रजिस्ट्रार प्रो. दिलबाग सिंह, प्रो. सत्यपाल, प्रो. जेपी यादव, डॉ. अशोक अग्रवाल, डॉ. छत्तर पाल, डीन प्रो. अदिति एवं चेयरपर्सन प्रो. रवींद्र सहित अनेक शिक्षाविदों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें