अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला को प्रतिष्ठित महाराजा अग्रसेन ग्लोबल अवार्ड-2026 से सम्मानित किए जाने पर संगठन में खुशी की लहर है। समाज के रेवाड़ी जिलाध्यक्ष नवीन सिंघल और महिला जिलाध्यक्ष सुनीता अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर अशोक बुवानीवाला को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके वर्षों के सामाजिक, संगठनात्मक और जनहित से जुड़े प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। ज्ञात रहे कि अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन की ओर से 14 नवम्बर को नई दिल्ली के जनपथ स्थित अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित भव्य अग्र अलंकरण समारोह-2026 में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया था। नवीन सिंघल ने कहा कि अशोक बुवानीवाला ने लंबे समय से अग्रवाल समाज को एकजुट करने, राजनीतिक रूप से जागरूक बनाने और समाज की सामूहिक शक्ति को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया है। उन्होंने बताया कि अशोक बुवानीवाला का मानना रहा है कि किसी भी समाज की वास्तविक मजबूती केवल उसकी आर्थिक संपन्नता से नहीं, बल्कि उसकी संगठनात्मक एकता, राजनीतिक चेतना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी भागीदारी से तय होती है। इसी सोच के साथ उन्होंने वर्ष 2009 में अग्रवाल वैश्य समाज संगठन की स्थापना कर समाज को एक साझा मंच पर लाने का प्रयास शुरू किया। आज संगठन प्रदेश के विभिन्न जिलों में अपनी सक्रिय उपस्थिति के साथ समाज के लोगों को जोडने और उन्हें सामूहिक हितों के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है।
नवीन सिंघल ने कहा कि अशोक बुवानीवाला ने समाज को केवल सामाजिक आयोजनों तक सीमित रखने के बजाय उसे राजनीतिक एवं लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। शत-प्रतिशत मतदान, पंचायत एवं निकाय चुनावों में समाज की भागीदारी, राजनीतिक अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा समाज के योग्य और सक्रिय लोगों को नेतृत्व के अवसर दिलाने जैसे विषयों को उन्होंने संगठन के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल किया है। उनका प्रयास रहा है कि वैश्य समाज अपनी जनशक्ति और आर्थिक योगदान के अनुरूप राजनीतिक एवं सामाजिक निर्णय प्रक्रिया में भी अपनी प्रभावी भूमिका निभाए। नवीन सिंघल ने कहा कि अग्रवाल वैश्य समाज का प्रत्येक सदस्य इस उपलब्धि को अपनी उपलब्धि मानता है। उन्होंने अशोक बुवानीवाला को पुनः बधाई देते हुए कहा कि संगठन उनके नेतृत्व में समाज की एकता, राजनीतिक जागरूकता और सामाजिक सशक्तिकरण के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाता रहेगा।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें