रेवाड़ी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुष्कर्म के झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर रंगदारी मांगने वाले गिरोह का पर्दाफाश, युवती सहित दो गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. झूठे मामलों में फंसाने का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने और रंगदारी वसूलने वाले एक शातिर गिरोह का रेवाड़ी पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन एवं एडिशनल एसपी रेवाड़ी दीपिका अग्रवाल के निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना माडल टाउन पुलिस ने एक सुनियोजित रेड के दौरान ₹50,000 की रंगदारी राशि लेते हुए एक युवती सहित दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
*घटना का संक्षिप्त विवरण*
जांचकर्ता ने बताया कि जिला सोनीपत के एक गांव निवासी व्यक्ति ने थाना माडल टाउन पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि उनके चचेरे भाई की इंस्टाग्राम के जरिए वर्ष 2022 में रेवाड़ी के सेक्टर-4 की रहने वाली एक युवती से पहचान हुई थी।
आरोपी युवती ने सुनियोजित तरीके से उसके चचेरे भाई को अपने प्रेम जाल में फंसाया और इसके बाद विभिन्न माध्यमों से पैसों की मांग शुरू कर दी। जब उसके भाई ने पैसे देने से इनकार किया, तो उसे दुष्कर्म जैसे गंभीर और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाने लगी। आरोपी युवती लगातार मानसिक प्रताड़ना देकर मामला रफा-दफा करने की एवज में ₹5 लाख की मांग कर रही थी।
*पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रेड*
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी श्री हेमेंद्र कुमार मीणा ने तुरंत सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। पुलिस टीम ने गत 2 नवम्बर को योजनाबद्ध तरीके से ड्यूटी मजिस्ट्रेट श्री शुभम (BDPO बावल) की नियुक्ति करवाकर एक रेडिंग पार्टी का गठन किया।
*रंगे हाथों गिरफ्तारी:* शिकायतकर्ता द्वारा ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष ₹50,000 की नकदी पेश की गई, जिसके सीरियल नंबर पहले से नोट और हस्ताक्षरित किए गए थे।
*मौके पर दबोचा:* जैसे ही आरोपियों ने पैसे स्वीकार किए, थाना माडल टाउन पुलिस ने एक सफेद रंग की फॉर्च्यूनर गाड़ी में बैठे युवती और एक अन्य युवक को नोट गिनते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार की गई युवती सहित अन्य आरोपी की पहचान विशाल सोनी निवासी मोहल्ला चौधरी वाड़ा, बड़ा गोल चक्कर रेवाड़ी के रूप में हुई है। आरोपी विशाल के कब्जे से रंगदारी के ₹50,000 बरामद किए गए, जिनके सीरियल नंबरों का ड्यूटी मजिस्ट्रेट के हस्ताक्षरों से सही मिलान पाया गया।
*कानूनी शिकंजा और पुलिस की सख्त चेतावनी*
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना माडल टाउन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पक्ष ने शिकायतकर्ता के चचेरे भाई के खिलाफ पहले भी अलग अलग थाना में इस प्रकार की कई झूठी शिकायतें दी हुई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को माननीय अदालत के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एडिशनल एसपी रेवाड़ी दीपिका अग्रवाल ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि दुष्कर्म, छेड़छाड़ और अन्य संगीन मामलों से जुड़े झूठे आरोप लगाकर ब्लैकमेल करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
*आमजन से अपील:* रेवाड़ी पुलिस की आमजन से अपील की है कि इस प्रकार के किसी भी ब्लैकमेलिंग या उत्पीड़न का शिकार होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क करें और ऐसे झूठे मामलों से सतर्क रहें।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें