Rewari News :: स्वस्थ रेवाड़ी–सजग रेवाड़ी’ अभियान का दूसरा दिन सफलतापूर्वक संपन्न, तीन विद्यालयों में 12 चिकित्सकों ने विद्यार्थियों को दिया स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं मानसिक स्वास्थ्य का संदेश

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) रेवाड़ी द्वारा जिला प्रशासन, जिला शिक्षा विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से चलाए जा रहे 15 दिवसीय ‘स्वस्थ रेवाड़ी – सजग रेवाड़ी’ अभियान का दूसरा दिन उत्साह एवं सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक, मानसिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उनमें स्वस्थ जीवनशैली की आदतें विकसित करना है।



अभियान के दूसरे दिन रेवाड़ी के तीन विद्यालयों — राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रेवाड़ी, जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा सनग्लो इंटरनेशनल स्कूल, सहारनवास में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में आईएमए रेवाड़ी के 12 चिकित्सकों ने भाग लेकर विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान की।



राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एवं जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। चिकित्सकों ने किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी भ्रांतियों, व्यक्तिगत स्वच्छता, संक्रमण से बचाव, असामान्य श्वेत प्रदर, सुरक्षित यौन व्यवहार तथा बिना चिकित्सकीय परामर्श के दवाइयों के सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से गर्भपात संबंधी दवाइयों के असुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया।


वहीं सनग्लो इंटरनेशनल स्कूल, सहारनवास में किशोरावस्था में मानसिक तनाव, साथियों का दबाव एवं शारीरिक छवि संबंधी चिंताओं जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। वरिष्ठ चिकित्सकों डॉ. मित्रा सक्सेना, डॉ. पवन गोयल, डॉ. पूनम यादव एवं डॉ. विजय भार्गव ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, साथियों के दबाव से निपटने, आत्मविश्वास बढ़ाने तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक तरीके बताए।


डॉ. रेखा यादव ने किशोरावस्था में होने वाली सामान्य त्वचा संबंधी समस्याओं, विशेषकर मुंहासों एवं हार्मोनल बदलावों से जुड़ी समस्याओं पर जानकारी दी।



इसके अतिरिक्त डॉ. नीरज यादव, डॉ. कीर्ति किशोर शर्मा, डॉ. पूजा अनेजा, डॉ. पद्मा यादव, डॉक्टर पूनम जैन , डॉ. रुचि सक्सेना, डॉ. अनुभूति मोहन सक्सेना एवं डॉ. किरण यादव ने भी विभिन्न सत्रों में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।



कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी समस्याओं को खुलकर साझा करने, सही समय पर चिकित्सकीय सलाह लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।


तीनों विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने आईएमए रेवाड़ी की इस पहल की सराहना करते हुए चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर से सुनीता मैम, प्रधानाचार्य, नीरज मैम (विद्यालय समन्वयक) एवं निर्मला मैम ने चिकित्सकों का धन्यवाद किया। वहीं राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की ओर संयोगिता मैम, हरीश सर एवं शैली मैम ने इस सार्थक आयोजन के लिए आईएमए टीम का आभार व्यक्त किया।



आईएमए रेवाड़ी की अध्यक्ष डॉ. नीरज यादव ने कहा कि स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण केवल बीमारियों से बचाव तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं सामाजिक रूप से स्वस्थ बनाना भी उतना ही आवश्यक है। आज के किशोरों को सही स्वास्थ्य जानकारी, उचित मार्गदर्शन और सुरक्षित वातावरण देना समय की आवश्यकता है।



उन्होंने कहा कि ‘स्वस्थ रेवाड़ी – सजग रेवाड़ी’ अभियान केवल 15 दिनों का जागरूकता कार्यक्रम नहीं, बल्कि जिले में एक दीर्घकालिक स्वास्थ्य जागरूकता संस्कृति विकसित करने का प्रयास है। आने वाले दिनों में जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा। प्रत्येक विद्यालय में स्वास्थ्य दूतों एवं शिक्षक समन्वयकों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के समापन समारोह में सभी स्वास्थ्य दूतों एवं शिक्षक समन्वयकों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।


डॉ. नीरज यादव ने कहा कि “जब चिकित्सक, शिक्षक, प्रशासन और समाज एक साथ मिलकर बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए प्रयास करते हैं, तो बदलाव निश्चित होता है। हमारा उद्देश्य केवल बच्चों को जागरूक करना नहीं, बल्कि उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार, आत्मविश्वासी और सक्षम बनाना है। आइए, मिलकर एक स्वस्थ, जागरूक और सशक्त पीढ़ी का निर्माण करें।”


स्वस्थ रेवाड़ी – सजग रेवाड़ी : स्वस्थ बच्चे, सशक्त युवा और जागरूक समाज की ओर एक सामूहिक संकल्प।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें