प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं शासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हरियाणा सरकार द्वारा 17 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार 7 अक्टूबर को प्रदेशभर में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आयुक्त एवं सचिव, सूचना, जनसंपर्क, भाषाएं एवं संस्कृति विभाग के.एम. पांडुरंग ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला उपायुक्तों की राज्य स्तरीय बैठक लेकर समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला गुरुग्राम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के संबंध में विशेष रूप से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला से डीसी अभिषेक मीणा वर्चुअल माध्यम से वीडियो कांफ्रेसिंग से जुड़े और आयुक्त एवं सचिव श्री के.एम. पांडुरंग को जिला से संबंधित तैयारियों बारे अवगत कराया। इस अवसर पर एडीसी राहुल मोदी, जीएम रोडवेज निरंजन शर्मा और डीडीपीओ नरेंद्र सारवान उपस्थित रहे। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि 7 अक्टूबर जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम का आयोजन बाल भवन रेवाड़ी में भव्य आयोजन पूर्ण सेवा भाव के साथ किया जाएगा। कार्यक्रम में हरियाणा सरकार में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राज्य मंत्री राजेश नागर मुख्य अतिथि होंगे। जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक लक्ष्मण सिंह यादव, विधायक कोसली अनिल कुमार यादव, बावल विधायक डा. कृष्ण कुमार और भाजपा जिला अध्यक्ष डा. वंदना पोपली की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित सभी प्रकार की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
डीसी ने जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम की तैयारियों, व्यवस्थाओं एवं आयोजन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के नागरिक कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का वर्चुअल माध्यम से सजीव प्रसारण किया जाएगा। इस अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा सभी को ‘विकसित भारत-2047’ का सामूहिक संकल्प दिलाया जाएगा। कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान और विकसित भारत-2047 थीम के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें