Rewari News :: अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत द्वारा विद्यार्थियों को ग्राहक अधिकारों एवं खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति जागरूक किया गया

रेवाड़ी में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत रेवाड़ी इकाई द्वारा आज गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल, रेवाड़ी में ग्राहक जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को ग्राहक अधिकारों, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पहचान तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के चयन के प्रति जागरूक करना था।


कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में फूड सेफ्टी ऑफिसर, रेवाड़ी, श्री संदीप जी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट, उसकी पहचान करने के तरीकों तथा अच्छी गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का चयन करने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरूक उपभोक्ता बनने और अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. आर. बी. यादव ने की। उन्होंने अपने संबोधन में विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनसमूह को ग्राहक अधिकारों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सामान खरीदते समय उचित मूल्य, निर्माण तिथि (Manufacturing Date), समाप्ति तिथि (Expiry Date) तथा उत्पाद की गुणवत्ता की जांच अवश्य करनी चाहिए। उन्होंने खरीदारी के समय जीएसटी बिल लेने के महत्व पर भी प्रकाश डाला। साथ ही, यदि किसी ग्राहक के साथ ठगी होती है अथवा उसे घटिया सामान, अधिक मूल्य वसूली या अन्य प्रकार की उपभोक्ता संबंधी समस्या का सामना करना पड़ता है, तो वह संबंधित शिकायत निवारण मंचों एवं उपभोक्ता हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराकर न्याय प्राप्त करने की दिशा में कदम उठा सकता है।


डॉ. यादव ने कहा कि जागरूक ग्राहक ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है। विद्यार्थियों को अपने परिवार और समाज में भी ग्राहक जागरूकता का संदेश पहुंचाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग बन सकें। इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के जिला अध्यक्ष श्री विपिन ढींगरा, श्री डी. पी. यादव, श्री रमेश सचदेवा, श्री अरुण गुप्ता एवं श्री होशियार जी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक श्री मनोज वशिष्ठ एवं श्री डी. पी. यादव ने किया। अंत में वरिष्ठ अध्यापिका श्रीमती सरोज जी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया। स्कूल प्रशासन ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी अतिथियों एवं आयोजकों का धन्यवाद किया।


इस संगोष्ठी के माध्यम से विद्यार्थियों को ग्राहक अधिकारों, खाद्य सुरक्षा और जिम्मेदार खरीदारी के प्रति महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने तथा उन्हें एक सजग, जिम्मेदार एवं अपने अधिकारों के प्रति सचेत उपभोक्ता बनने के लिए प्रेरित किया।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें