नवरात्र के पावन पर्व पर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनकी पूजा-अर्चना करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कुंड मंडी के एक प्रतिष्ठित परिवार ने पौत्री के जन्म पर कुआँ पूजन का आयोजन कर समाज के सामने एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया। कुंड की सरपंच मंजू देवी के ज्येष्ठ श्री गिरिराज शर्मा ने अपनी पौत्री नैना के जन्म की खुशी में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कुआँ पूजन का आयोजन किया। इस शुभ अवसर पर प्रीतिभोज एवं श्री श्याम प्रभु के जागरण का भी आयोजन किया गया। परिवार ने इस आयोजन के माध्यम से समाज को संदेश दिया कि बेटियाँ किसी भी मायने में बेटों से कम नहीं हैं, बल्कि परिवार और समाज का गौरव हैं।
इस आयोजन के माध्यम से शर्मा परिवार ने हरियाणा सरकार के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान की भावना को साकार करते हुए बेटियों के प्रति सम्मान और समानता की सोच को बढ़ावा दिया। उल्लेखनीय है कि श्री गिरिराज शर्मा कुंड विद्यालय के मेधावी छात्र रहे हैं तथा हरियाणा पर्यटन विभाग में उच्च अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सेवानिवृत्ति के पश्चात भी वे समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय रहकर अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। शर्मा परिवार पूर्व में भी अपने सामाजिक कार्यों और सकारात्मक सोच के माध्यम से समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करता रहा है। पौत्री के जन्म पर कुआँ पूजन का यह आयोजन बेटियों के सम्मान और समाज में बदलती सकारात्मक सोच का प्रतीक बनकर सामने आया है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें