Bhagalpur News;एनटीपीसी कहलगाँव में नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की 21वीं छमाही बैठक संपन्न


ग्राम समाचार, भागलपुर। नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) कहलगाँव की 21वीं छमाही बैठक गुरुवार (29 अक्टूबर 2026) को एनटीपीसी कहलगाँव के अभिनव कर्मचारी विकास केंद्र सभागार में आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता एनटीपीसी कहलगाँव के परियोजना प्रमुख श्री रविन्द्र शर्मा ने की। बैठक में क्षेत्र के 23 सरकारी कार्यालयों, विभिन्न बैंकों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के प्रमुखों एवं राजभाषा अधिकारियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। बैठक की शुरुआत में समिति के अध्यक्ष श्री रविन्द्र शर्मा का प्लांटर (पौधा) और हिंदी की एक पुस्तक भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद एनटीपीसी कहलगाँव के अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) मनोरंजन सरंगी ने बैठक में उपस्थित सभी प्रशासनिक प्रमुखों और राजभाषा अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।‌औपचारिक स्वागत के बाद बैठक की निर्धारित कार्यसूची पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान समिति के सदस्य सचिव ने सभी सदस्य कार्यालयों के प्रमुखों से अपनी छमाही प्रगति रिपोर्ट को समय पर संप्रेषित (भेजने) करने का विशेष अनुरोध किया ताकि राजभाषा कार्यों की नियमित समीक्षा की जा सके। इस अवसर पर अपने अध्यक्षीय संबोधन में परियोजना प्रमुख रविन्द्र शर्मा ने कहा कि नराकास का मूल उद्देश्य राजभाषा नियमों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करना और कार्यालयों में हिंदी के प्रगामी प्रयोग को निरंतर बढ़ावा देना है। उन्होंने गर्व के साथ रेखांकित किया कि एनटीपीसी कहलगाँव न केवल रिकॉर्ड बिजली उत्पादन के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और विकास के लिए भी निरंतर प्रयत्नशील है। बैठक के समापन पर सदस्य सचिव द्वारा नराकास कहलगाँव के सभी सदस्य कार्यालयों से आए अधिकारियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद बैठक सफलतापूर्वक संपन्न हुई।

Share on Google Plus

Editor - Bijay shankar

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें