रेवाड़ी जिला शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय *जिला स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव-2026* का भव्य आगाज वीरवार को शहीद रामस्वरूप राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कंवाली में *शुभारंभ समारोह* के साथ हुआ। पहले दिन प्राथमिक एवं मिडल विंग के विद्यार्थियों ने मनोरंजक आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा से सभी का मन मोह लिया।
समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए स्वयं जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र शर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया और उप जिला शिक्षा अधिकारी श्री राजेन्द्र यादव मौजूद रहे। जिला सांस्कृतिक समन्वयक अशोक कुमार नामवाल,खंड शिक्षा अधिकारी सत्यवीर नाहड़िया (खोल) के साथ साथ फतेह सिंह (खण्ड शिक्षा अधिकारी बावल), सुरेश कुमार (खण्ड शिक्षा अधिकारी नाहड़) सहित मेजबान प्राचार्य अनिल यादव भी मंच पर उपस्थित रहे जिन्होंने मंच पर सभी अधिकारियों, निर्णायक मंडल के सभी सदस्यों का फूल मालाओं से स्वागत किया।
प्रेस सचिव शिक्षाविद मनोज वशिष्ठ ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि आज शुभारंभ समारोह मुख्य मंच पर किया गया। तत्पश्चात प्रथम दिवस के सभी निर्धारित कार्यक्रम चार अलग अलग मंचों पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए।आज कक्षा 5वीं से 8वीं के बच्चों के लिए लोक नृत्य समूह, लोक नृत्य एकल, हरियाणवी रागनी, एकल गायन और स्किट प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। बच्चों ने हरियाणवी संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास की नींव हैं। इस तरह के मंच बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करते हैं और हमारी लुप्त होती हरियाणवी संस्कृति को सहेजने का काम करते हैं। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी प्रदीप दहिया ने कहा कि प्राथमिक एवं मिडल विंग के बच्चों में जो प्रतिभा आज देखने को मिली, वह अद्भुत है। छोटे बच्चे ही बड़े कलाकार बनते हैं। सभी प्रतिभागी बधाई के पात्र हैं, हार-जीत से ज्यादा भागीदारी महत्वपूर्ण है। जिला सांस्कृतिक समन्वयक अशोक कुमार नामवाल ने बताया कि आज प्रथम दिवस में 45 टीमों ने भाग लिया। सभी प्रतियोगिताएं पूरी पारदर्शिता से जूरी के निर्णय पर हुई हैं।
वशिष्ठ ने आगे बताया कि आज 16 अक्टूबर को द्वितीय दिवस में कक्षा 9 से 12वीं (सीनियर विंग) के निर्धारित कार्यक्रम होंगे और उसी दिन भव्य *समापन समारोह* का आयोजन किया जाएगा। समापन समारोह में दोनों दिवस के विजेताओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।जिला विद्यालय शिक्षा विभाग द्वारा भोजन पानी पार्किंग और अनुशासन की पुख्ता व्यवस्था थी जिसकी सभी अधिकारियों ने भूरी भूरी प्रशंसा की।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें