रेवाड़ी के सैक्टर चार स्थित जैन पब्लिक स्कूल की शाखा प्रोडिजी स्कूल में 20 अक्तूबर को डांडिया का धमाल देखने को मिलेगा। इस उत्सव को भव्य बनाने के लिए विद्यार्थी नृत्य, अभिनय, संगीत व कलात्मक कार्यों का जमकर अभ्यास कर रहे हैं। डांडिया को लेकर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में खासा उत्साह है।
इस संबंध में मीडिया को जानकारी देते हुए उप प्रधानाचार्या विजय गुप्ता एवं मीडिया प्रभारी गोपाल शर्मा ने बताया कि प्रोडिजी स्कूल के चौथे डांडिया उत्सव मे जहाँ विद्यार्थी भारतीय संस्कृति के परंपरागत मूल्यों को आत्मसात करेंगे, वहीं नृत्य, अभिनय एवं संगीत की प्रस्तुति भी देंगे। इस भव्य समारोह को लेकर उत्साह इतना है कि अभी तक 2500 से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि समारोह में हरियाणा की कौशल विकास अधिकारी शिखा गुप्ता बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगी।
कार्यक्रम में कक्षा तीसरी से सातवीं तक के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे। अभिभावकों व आगंतुकों के लिए भी डांडिया एवं गरबा खेलने तथा स्वादिष्ट व्यंजनों की व्यवस्था की गई है। युगल नृत्य एव़ समूह नृत्य के साथ लक्की ड्रा विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। लक्की ड्रा के विजेताओं को प्रथम पुरस्कार के रूप में स्कूटी दी जाएगी। दूसरा पुरस्कार एल इ डी, तीसरा पुरस्कार माइक्रोवेव ओवन तथा आकषर्क सांत्वना पुरस्कार भी रखे गये हैं।
प्रबंधन समिति के प्रधान सीए मोहित जैन एवं प्रधानाचार्या प्रतिमा शर्मा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। यह उत्सव 20 अक्तूबर को शाम साढे चार बजे शुरू होगा।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें