Rewari News :: थाना धारूहेड़ा पुलिस ने भट्साना गांव में युवक के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई, मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

रेवाड़ी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी. थाना धारूहेड़ा पुलिस ने सुलझाई युवक के ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी, मामले में एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी। धारूहेड़ा के भट्साना गांव में हुई थी हत्या की वारदात. डीएसपी संजीव बल्हारा ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी. 




रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के कुशल दिशा-निर्देशन में कार्य करते हुए रेवाड़ी पुलिस ने धारूहेड़ा क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी को सुलझाने में बड़ी सफलता हासिल की है। थाना धारूहेड़ा पुलिस ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए गत 6 सितंबर एक व्यक्ति की हत्या करके शव को गांव भटसाना स्थित डेयरी फार्म में दबाने के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान योगेश उर्फ गोलू निवासी मोहल्ला सैय्यद कालोनी बास रोड धारूहेड़ा के रूप में हुई है। डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव बल्हारा ने बुधवार को आयोजित एक प्रेसवार्ता में बताया कि गत 6 सितंबर को थाना धारूहेड़ा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म में एक शव मिट्टी में दबा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना धारूहेड़ा पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां मौजूद एक महिला की निशानदेही पर जब घटनास्थल से मिट्टी हटाई गई, तो मानव शरीर का अंग दिखाई दिया।




मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 'सीन ऑफ क्राइम' टीम को मौके पर बुलाया गया तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में गड्ढे की खुदाई करवाई गई, जहां से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मौके से साक्ष्य के तौर पर नमक, मिट्टी, और कुछ कपड़े आदि बरामद किए गए। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीआईए व थाना धारूहेड़ा पुलिस की टीमों का गठन कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए। प्रारंभिक चरण में शव की पहचान न हो पाने के कारण पुलिस ने उसे नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी के शव गृह में रखवा दिया था। पुलिस के निरंतर प्रयासों के बाद मृतक की पहचान निसार (उम्र 28 वर्ष), निवासी गांव दमदमा जिला खैरथल-तिजारा राजस्थान के रूप में हुई थी।




दिनांक 8 सितंबर को मृतक के पिता जमील ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया था कि उनका बेटा निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए घर से तिजारा के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जो मृतक के पिता जमील ने चार नामजद आरोपियों सहित उसके अन्य साथियों पर उसके बेटे की हत्या करने का संदेह जताया था। मृतक के पिता ने बताया की इन सभी आरोपियों ने मिलकर उसके बेटे निसार की लाठी-डंडों व लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या की है। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से शव को अपनी गाड़ी में डालकर गौरव के डेयरी फार्म (गांव भटसाना) ले गए और गड्ढा खोदकर दबा दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना धारूहेड़ा में संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। थाना धारूहेड़ा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार को मामले में शामिल एक मुख्य आरोपी योगेश उर्फ गोलू निवासी मोहल्ला सैय्यद कालोनी बास रोड धारूहेड़ा को गिरफ्तार कर लिया है।




गहन पूछताछ के दौरान आरोपी योगेश ने खुलासा किया कि 5-6 सितंबर की सुबह समय लगभग 4:00 बजे बास रोड धारूहेड़ा से उन्होंने अपने साथियों के साथ निसार को चोरी के संदेह में पकड़ा था। संदेह के आधार पर उसने तथा उसके अन्य साथियों ने मिलकर निसार के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। निसार की हालत बिगड़ने पर जब वे उसे अस्पताल ले जाने लगे, तो रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद वे शव को छुपाने के उद्देश्य से गांव भटसाना स्थित गौरव के डेयरी फार्म ले गए और गड्ढे में दबा दिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस द्वारा बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें