Rewari News :: हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने आईजीयू और नागरिक अस्पताल का लिया जायजा, कहा "सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण देने का काम किया


हरियाणा राज्य महिला आयोग की वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने शुक्रवार को रेवाड़ी का दौरा करते हुए इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय, मीरपुर तथा नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्वविद्यालय में छात्राओं से संवाद कर उन्हें महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा पाक्सो एक्ट के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. असीम मिगलानी और डॉ. सीमा मिगलानी से छात्राओं के लिए की गई व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत कर जानकारी ली। उन्होंने नागरिक अस्पताल में महिला मरीजों के लिए उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



इस अवसर पर मीना परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में केंद्र व राज्य सरकार महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण प्रदान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार द्वारा महिलाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों के माध्यम से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय में छात्राओं से बातचीत करते हुए वाइस चेयरपर्सन ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों तथा उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने पॉक्सो एक्ट के विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए छात्राओं को किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की दिशा में पहला कदम है। छात्राओं को अपने आसपास होने वाली घटनाओं के प्रति सजग रहते हुए जरूरत पड़ने पर संबंधित विभागों एवं हेल्पलाइन 112 की सहायता लेनी चाहिए। उन्होंने महिला हॉस्टल में भी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने विश्वविद्यालय प्रशासन से भी छात्राओं के लिए सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने तथा महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों का प्रभावी ढंग से पालन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ कानूनी अधिकारों एवं आत्मरक्षा के प्रति भी जागरूक किया जाना चाहिए।


*महिला मरीजों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का हो विशेष प्रबंध*

वाइस चेयरपर्सन मीना परमार ने नागरिक अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने महिला मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, उपचार एवं अन्य आवश्यक सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से महिला मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप सुविधाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए। 


इस दौरान उन्होंने महिला मरीजों से बातचीत करते हुए अस्पताल में मुहैया कराई जा रही सुविधाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध करवाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़ी महिला तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने महिलाओं से भी आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ें।


इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य सुनीता लोहचब, नागेंद्र परमार, सीएमओ डा. नरेंद्र दहिया, पीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव, महिला थाना प्रभारी सरिता यादव, डॉ. दीपक, डॉ. इंद्रजीत, डॉ. सुभाष, पीपीओ प्रमोद बागड़ी, चांदनी चांदना, कुमारी गीता, दीपा भारद्वाज, जोगिंद्र सैनी, हेमलता तंवर, पूजा जांगड़ा, नीरू भारद्वाज, डा. ममता और डा. कविता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें