पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता कैप्टन अजय सिंह यादव ने आज अपने पिता एवं रेवाड़ी क्षेत्र के प्रथम विधायक स्वर्गीय राव अभय सिंह जी की पुण्यतिथि के अवसर पर राव अभय सिंह चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय राव अभय सिंह जी ने रेवाड़ी क्षेत्र के विकास और लोगों की सेवा के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया। वे क्षेत्र के प्रथम विधायक रहे और आज भी उनके सरल स्वभाव, जनसेवा और सिद्धांतों को लोग सम्मान के साथ याद करते हैं। उनकी जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देना मेरे लिए भावुक और गौरव का क्षण है।
इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैप्टन अजय सिंह यादव ने राहुल गांधी पर FIR को लेकर उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी की सभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण को लेकर सवाल उठाने पर राहुल गांधी जी के खिलाफ FIR दर्ज करना दुर्भाग्यपूर्ण है। अगर किसी घटना में दलित समाज के सम्मान और संविधान की भावना पर सवाल उठता है तो उस पर आवाज उठाना विपक्ष का लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने सवाल किया कि जो व्यक्ति दलितों और कमजोर वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है, उसके खिलाफ FIR दर्ज करना क्या लोकतंत्र है।
महंगाई पर सरकार को घेरते हुए कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि पहले चीनी महंगी हुई, अब प्याज के दाम बढ़ रहे हैं और LPG गैस सिलेंडर भी महंगा हो गया है। त्योहारों के समय जब परिवारों के खर्च बढ़ जाते हैं, उस समय जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी आम आदमी की परेशानी बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी की आमदनी नहीं बढ़ रही, लेकिन खर्च लगातार बढ़ रहा है। गुड़गांव के जलभराव पर उन्होंने कहा कि गुड़गांव हरियाणा की आर्थिक राजधानी है और सरकार को भारी राजस्व देता है, लेकिन हर साल बरसात में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद इसका स्थायी समाधान क्यों नहीं हुआ, वही रेवाड़ी का भी यही हाल है बरसात होती पूरा रेवाड़ी शहर तालाब का रूप ले लेता है। सरकार को इसका जवाब देना चाहिए।
युवाओं के रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं से मेहनत करने वाले युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। हाल ही में राजस्थान में भी पेपर लीक की खबर सामने आई है। सरकार को भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के साथ-साथ दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज और पैलेट गन के इस्तेमाल के लिए जिम्मेदार लोगों पर आज तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई ? कैप्टन अजय सिंह यादव ने कहा कि आज देश और प्रदेश का आम आदमी महंगाई, बेरोजगारी, असुरक्षा और अव्यवस्था से परेशान है। सरकार को विपक्ष की आवाज दबाने के बजाय जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें