Bhagalpur News:नन्हे हाथों का अनमोल उपहार: प्राथमिक विद्यालय मानिकपुर में शिक्षक दिवस पर बच्चों और गुरुजी के बीच दिखा भावुक रिश्ता


ग्राम समाचार, भागलपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर प्राथमिक विद्यालय, मानिकपुर में एक ऐसा भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया, जिसने शिक्षा और संवेदना के रिश्ते की एक खूबसूरत मिसाल पेश की। विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने शिक्षक अमर नाथ झा को अपनी जेबखर्ची और सामर्थ्य के अनुसार कलम भेंट कर उनके प्रति अपने गहरे प्रेम, सम्मान और आत्मीयता का इजहार किया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आने वाले इन बच्चों ने अपनी छोटी-छोटी बचतों से किसी ने ₹10, किसी ने ₹20 तो किसी ने ₹25 की कलम खरीदी। बच्चों के मासूम हाथों से मिले इस छोटे से उपहार ने शिक्षक अमर नाथ झा को पूरी तरह भावविभोर कर दिया। उनके लिए यह कलम महज एक वस्तु नहीं, बल्कि बच्चों के निश्छल प्रेम और सम्मान की अमूल्य धरोहर बन गई। बच्चों और शिक्षक का यह भावनात्मक रिश्ता नया नहीं है। इससे पहले भी विद्यालय में अपनी प्रतिनियुक्ति के दौरान श्री झा ने समुदाय के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति के सहयोग से 74 बच्चों के लिए जूते और मोजे उपलब्ध कराए थे। इतना ही नहीं, उन्होंने अपने बेटे के जन्मदिन पर उसकी पहली कमाई से मिली राशि का उपयोग कर विद्यालय के बच्चों के लिए 111 टाई और बेल्ट खरीदे थे, जिन्हें एक विशेष अभिभावक-शिक्षक बैठक में सभी परिवारों की मौजूदगी में बच्चों को वितरित किया गया था। बच्चों से कलम पाकर भावुक हुए शिक्षक अमर नाथ झा ने कहा, "बच्चों ने मुझे सिर्फ एक कलम दी है, लेकिन इसके बदले मुझे जो स्नेह मिला है, उसकी कीमत किसी भी बड़े उपहार से नहीं आंकी जा सकती। एक शिक्षक के लिए बच्चों का विश्वास और आत्मीयता ही सबसे बड़ी पूँजी है।" इसी भावुक क्षण में उन्होंने एक ऐतिहासिक और अनूठा संकल्प लेते हुए घोषणा की, “जिन बच्चों ने आज मुझे कलम भेंट की है, उन्हें अगले शिक्षक दिवस तक अपने लिखने के लिए कलम खरीदने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।” अपने इस संकल्प को पूरा करने के लिए उन्होंने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती रिद्धिमा सहाय से विशेष आग्रह किया है कि अगले एक वर्ष तक जब भी किसी बच्चे को लिखने के लिए कलम की आवश्यकता हो, तो उनकी ओर से उपलब्ध कराई गई कलम ही बच्चों को दी जाए। शिक्षक दिवस का यह प्रसंग अब पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है, जो दिखाता है कि एक शिक्षक का समर्पण बच्चों के भविष्य को किस तरह बदल सकता है।











Share on Google Plus

Editor - Bijay shankar

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें