रेवाड़ी नगर परिषद द्वारा स्वामी उमा भारती पब्लिक स्कूल, रेवाड़ी में आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रप्रेम एवं तिरंगे के सम्मान के संदेश के साथ हुआ। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति से संबंधित नृत्य, भाषण एवं कविताओं की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। बच्चों द्वारा निकाली गई तिरंगा रैली कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रही। विद्यालय परिसर में बनाए गए आकर्षक सेल्फी पॉइंट ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दिवान सिंह ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा तिरंगे का सदैव सम्मान करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और बच्चों में देशभक्ति एवं संस्कारों का विकास करना विद्यालय की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्र के प्रति सम्मान से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं तथा सभी प्रतिभागियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना की। इस अवसर पर स्वामी उमा भारती स्कूल की तरफ से प्रिंसिपल श्री दिवान सिंह जी,मोनिका पण्डिता, पूनम भारद्वाज, मधु शर्मा, कीर्ति शर्मा, नीतू शर्मा, अंजू नारंग, कुमारी चंचल एवं प्रियंका का विशेष सहयोग रहा।
स्वच्छ भारत मिशन की टीम से कृष्ण सभरवाल, सुमन, राधा, अंजू एवं ज्योति भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, भारतीय संस्कृति, रचनात्मकता, स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को और अधिक मजबूत किया। रंगारंग प्रस्तुतियों, तिरंगा रैली, प्रतियोगिताओं और पुरस्कार वितरण ने इस आयोजन को सभी के लिए यादगार बना दिया।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें