रेवाड़ी में जनहित में जारी मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के साथ संवाद करते हुए महिलाओं ने हर क्षेत्र में 50 फीसदी आरक्षण हिस्सेदारी तुरंत देने की जोरदार आवाज बुलंद की । इस सिलसिले में शहर के कोनसीवास रोड स्थित जेएमजी क्रासिंग के समीप आयोजित महिलाओं की विशाल बैठक में सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित करके केंद्र-राज्य सरकारों से कार्रवाई की पुरजोर मांग की गई.
बैठक में आमंत्रित राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच मुख्य वक्ता बनकर पहुंचे । कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा उद्यमी जगमोहन यदुवंशी ने की। इस अवसर पर महिलाओं ने कहा कि हर क्षेत्र में न्यूनतम 50 फीसदी हिस्सेदारी उनका जायज हक बनता है। उन्होंने कहा कि समाज-राष्ट्र की लगभग आधी आबादी महिलाओं की है ,इसलिए हर क्षेत्र में आधी यानि 50 फीसदी आरक्षित भागीदारी सरकार को जल्द से जल्द देनी चाहिए । इसके अतिरिक्त बेरोजगार महिलाओं को बस-ट्रेन-एरोप्लेन के किरायों में 50 फ़ीसदी छूट व निःशुल्क मेडिकल सुविधा,शिक्षित महिलाओं को स्वरोजगार के लिए 20 करोड़ तक का लॉन्ग टर्म लोन,डिलीवरी के समय निःशुल्क ऑन कॉल एंबुलेंस सुविधा की मांगें भी उठीं। बैठक में उपस्थित कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, नंदलाल यादव, डॉ. सुरेश कुमार, दयाराम आर्य, विकास यादव सहित अनेक महिलाओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उक्त मांगों के समर्थन में सर्वसम्मत प्रस्ताव पारित किये।
मुख्य वक्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, सेना अध्यक्षों, हाईकोर्ट्स व सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश आदि पदों पर भी क्रमवार ढंग से महिला-पुरुषों की नियुक्तियां होनीं चाहिएं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की न्यूनतम 50 फ़ीसदी हिस्सेदारी की मांग आज सुनहरे सपने की तरह है,मगर मेहनत और संघर्ष से सपने भी सच होते हैं। महिलाओं का यह सपना भविष्य में जल्द सच होगा । जनसहयोग से लोक सेवा मंच इस मुद्दे की आवाज समाधान होने तक बुलंद करेगा। इस मसले पर राष्ट्रपति,लोकसभा अध्यक्ष,पीएम मोदीजी व प्रदेश के सीएम को पत्र लिखकर जन भावनाओं से अवगत कराया जाएगा । महिलाओं ने कहा कि उनकी 50 फ़ीसदी आरक्षण की बात नया मुद्दा जरूर है,मगर इसमें न्याय और सबका हित है। इसलिए उन्हें पूरा विश्वास है कि लोक सेवा मंच के प्रयासों से यह सकारात्मक मुहिम जरुर सफल होगी । उन्होंने लोक सेवा मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान की खुलकर सराहना की ,जो महिलाओं सहित व्यापक जनहित में इतने बड़े पैमाने पर पिछले करीब 8 माह से लगातार आवाज बुलंद कर रहा है । अपने अध्यक्षीय संबोधन में जगमोहन यदुवंशी ने कहा कि समाज में बिना किसी भेदभाव सबको बराबर मौके मिलने चाहिए । महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षित हक जरूर मिलना चाहिए । उन्होंने कहा कि मंच के साथ जुड़कर वह इस जनहितकारी अभियान में पूर्ण सहयोग देंगे ।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें