श्रावण मास शिवरात्रि के पावन अवसर पर सेक्टर-3 स्थित श्री कृष्ण मंदिर से भगवान भोलेनाथ की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। यात्रा का शुभारंभ भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं नारियल फोड़कर किया।
महाकाल की अनन्य भक्त कविता देवी ने बाबा भोलेनाथ का अत्यंत भावपूर्ण एवं मनमोहक श्रृंगार किया। उनकी श्रद्धा और भक्ति से सजे बाबा के दिव्य स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कविता देवी ने कहा कि भगवान महाकाल की सेवा और श्रृंगार उनके लिए केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि आस्था और समर्पण का भाव है।
पालकी यात्रा के दौरान श्रद्धालु बाबा के भजनों पर नृत्य करते हुए पूरे भक्तिभाव के साथ पालकी के साथ चले। चारों ओर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया।
भाजपा जिला उपाध्यक्ष एडवोकेट प्रवीण कुमार शर्मा ने सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि इतनी बड़ी संख्या में भक्तों का उत्साह भगवान शिव के प्रति उनकी गहरी आस्था का प्रतीक है।
इस अवसर पर आरडब्ल्यूए प्रधान यशपाल यादव, हुकम चंद यादव, वीर सिंह यादव, गौरव शर्मा, कृपा, जेमिनी, नवीन पोपली, सुमन यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पालकी यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें