Lalmatia News: गड्ढों में तब्दील ललमटिया सदर बाजार की मुख्य सड़क, करोड़ों का कोयला, लेकिन सड़क बदहाल


ग्राम समाचार, ललमटिया। गोड्डा जिले के राजमहल परियोजना क्षेत्र स्थित ECL ललमटिया कोयला खदान से करोड़ों रुपये का कोयला देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाया जा रहा है, लेकिन इसी कोयला नगरी का ललमटिया सदर बाजार आज अपनी बदहाली की तस्वीर खुद बयां कर रहा है। सदर बाजार की मुख्य सड़क लंबे समय से जर्जर है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं।


बरसात के मौसम में इन गड्ढों में पानी जमा हो जाने से सड़क और भी खतरनाक हो गई है। पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण मोटरसाइकिल और साइकिल सवार आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस क्षेत्र से ECL कोयला खनन के जरिए करोड़ों रुपये का कारोबार करती है, उसी क्षेत्र के मुख्य बाजार की सड़क की यह हालत क्यों है? ललमटिया से रेल मार्ग के जरिए कोयला NTPC कहलगांव और फरक्का तक पहुंचता है, लेकिन ललमटिया सदर बाजार की सड़क की स्थिति विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।


विडंबना यह भी है कि इसी मुख्य सड़क से ECL के अधिकारी और जिला प्रशासन के अधिकारी दिन-रात गुजरते हैं। इसके बावजूद सड़क की बदहाली पर अब तक कोई ठोस पहल दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में स्थानीय लोगों और राहगीरों के मन में सवाल उठना स्वाभाविक है कि आखिर जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इस जर्जर सड़क पर कब पड़ेगी?


स्थानीय लोगों के बीच अब एक चर्चित कहावत सुनाई दे रही है “अंधेरे तले डिबिया गोल” जिस ललमटिया की धरती से कोयला निकलकर देश के बिजलीघरों को रोशन करता है, उसी ललमटिया सदर बाजार की सड़क आज गड्ढों और जलजमाव के कारण लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है।


स्थानीय राहगीरों और दुकानदारों की मांग है कि ECL प्रबंधन और जिला प्रशासन इस सड़क की स्थिति का तत्काल संज्ञान लें और स्थायी निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाएं। सवाल अब सिर्फ सड़क का नहीं, बल्कि ललमटिया के विकास और आम लोगों की सुरक्षा का है।

अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग और ECL प्रबंधन कब तक इस बदहाल सड़क की सुध लेते हैं और ललमटिया के लोगों की उम्मीद कब पूरी होती है।


Share on Google Plus

Editor - विलियम मरांड़ी। 9905461511

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें