भारत विकास परिषद श्री राम शाखा रेवाड़ी द्वारा 'नर सेवा ही नारायण सेवा' के संकल्प को चरितार्थ करते हुए झज्जर रोड स्थित बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट (आशियाना वृद्ध आश्रम) में एक भावुक व गरिमामयी सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शाखा के संयोजक (सेवा) डॉ. दीपक यादव के जन्मदिवस तथा कोषाध्यक्ष सीए अमन गुप्ता की पूजनीय माताजी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम में परिषद के सदस्यों ने सपरिवार आश्रम के आदरणीय प्रभुजनों (बुजुर्गों) के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां बांटीं, उनका मंगल आशीर्वाद लिया और उनके साथ बैठकर सामूहिक स्नेह-भोज किया। इस अवसर पर डॉ. दीपक यादव एवं सीए अमन गुप्ता के सहयोग से वृद्ध आश्रम के लिए आवश्यक सामग्री भी भेंट की गई।
बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश राजपाल ने परिषद की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि "वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग अपनों के स्नेह और समय के आकांक्षी होते हैं। भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों और उनके परिवारों द्वारा यहाँ आकर समय बिताना और अपनत्व देना अत्यंत सराहनीय व प्रेरणादायी है। समाज के अन्य प्रबुद्ध लोगों को भी अपने मांगलिक अवसरों पर आश्रम आकर इन प्रभुजनों का आशीर्वाद लेना चाहिए।"
श्री राम शाखा, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष सीए जतिन सैनी तथा संरक्षक सीए जीतेश अग्रवाल ने कहा कि "भारत विकास परिषद का मूल उद्देश्य समाज में 'संस्कार और सेवा' का प्रसार करना है। आज के भौतिकवादी युग में होटलों और दिखावे पर फिजूलखर्ची करने के बजाय अपने जीवन के विशेष पलों को इन बुजुर्गों के साथ बिताना न केवल आत्मिक शांति देता है, बल्कि हमारी युवा पीढ़ी को माता-पिता और वरिष्ठजनों के सम्मान का संदेश भी देता है। परिषद निरंतर ऐसे सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को जोड़ने का प्रयास करती रहेगी।"
इस अवसर पर भारत विकास परिषद तथा बाबा फरीद सेवा ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारी, सदस्यगण, उनके परिवारजन एवं आश्रम के सेवादार उपस्थित रहे।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें