योग सेवा समिति, रेवाड़ी द्वारा रविवार को योग उद्यान, कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-3, रेवाड़ी में पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम “वृक्ष हमें देते हैं सब कुछ, हम भी तो उन्हें कुछ देना सीखें रही।
कार्यक्रम में बस्तर लोकसभा क्षेत्र, छत्तीसगढ़ के माननीय सांसद श्री महेश कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में एडवोकेट श्री परवीन शर्मा, जिला उपाध्यक्ष, योग सेवा समिति के प्रधान श्री रमेश मित्तल एवं समिति के अन्य गणमान्य सदस्यों द्वारा माननीय सांसद जी का पटका पहनाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रेखा गर्ग द्वारा किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का स्वागत करते हुए वृक्षों के महत्व तथा पर्यावरण संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर योग सेवा समिति, रेवाड़ी के प्रधान श्री रमेश मित्तल द्वारा माननीय सांसद श्री महेश कश्यप जी का परिचय करवाया गया तथा उनके सामाजिक एवं सार्वजनिक जीवन से संबंधित जानकारी उपस्थित जनसमूह के समक्ष प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम में वृक्षारोपण के धार्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में वृक्षों को सदैव पूजनीय एवं जीवनदायी माना गया है। वहीं वैज्ञानिक दृष्टि से भी वृक्ष स्वच्छ वायु, पर्यावरण संतुलन, जैव-विविधता तथा मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
इसके पश्चात् माननीय सांसद श्री महेश कश्यप जी का संबोधन हुआ। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन की यात्रा तथा अपने लोकसभा क्षेत्र बस्तर के बारे में विस्तार से जानकारी साझा की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
माननीय सांसद जी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेड़ हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, छाया, फल-फूल और स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करते हैं। इसलिए प्रकृति के प्रति अपना दायित्व निभाना हम सभी की जिम्मेदारी है।इसके पश्चात् माननीय सांसद जी एवं उपस्थित गणमान्य अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर डॉ नवीन अदलखा द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया। इसके साथ ही उपस्थित सभी गणमान्य लोगों एवं समाज के सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों को वृक्ष बनने तक संरक्षित करने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर चंद्र प्रकाश, श्रीचंद्र, परवीन सिंह, पूर्व पार्षद बलजीत सिंह, विजेंद्र सिंह, साविता झाम, पूर्व पार्षद राजेंद्र सिंघल, चौधरी शीश राम, सविता झम्ब, रजनी जैन, निर्मल गर्ग, राधेश्याम मित्तल, डॉ नवीन अदलखा , सरदार कृपाल सिंह, चानन सिंह, महेंद्र मित्तल, शिव नारायण, दिनेश यादव, नरेश चुग, मुरारी लाल शर्मा, राम करण, महेश शर्मा, आरडब्ल्यूए प्रधान यशपाल यादव, सतरूप शर्मा, महेश वैध, अमरजीत यादव एडवोकेट, राज अरोड़ा, पुरुषोत्तम जी, ईश्वर जी डहीना वाले, गाथांजली, व बड़ी संख्या में मातृशक्ति व शहरजन सहित योग सेवा समिति के पदाधिकारी, महिला शक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रखते हुए वृक्षों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद किया गया।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें