भारत विकास परिषद रेवाड़ी की श्री राम शाखा द्वारा मॉडल टाउन स्थित डॉ. दीपक अल्ट्रासाउंड सेंटर में बच्चों के सर्वांगीण विकास, नैतिक मूल्यों और सांस्कृतिक संस्कारों के संवर्धन हेतु बाल संस्कार शिविर का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, कृतज्ञता, एकाग्रता, नैतिक मूल्य और टीम वर्क की भावना को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एडवोकेट अशोक यादव, शाखा अध्यक्ष सीए जतिन सैनी, शाखा संरक्षक सीए जितेश अग्रवाल तथा अन्य सदस्यों एवं नन्हे मुन्ने बच्चों द्वारा दीप प्रज्वलन तथा वंदे मातरम के सामूहिक गायन के साथ हुई। तत्पश्चात अत्यंत आध्यात्मिक और भक्तिमय वातावरण में वैदिक विश्व मंगल प्रार्थना और सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया।
शिविर में बच्चों की मानसिक और शारीरिक क्षमता को निखारने के लिए कई ज्ञानवर्धक व मनोरंजक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। बच्चों की स्मरण शक्ति और एकाग्रता को परखने के लिए विशेष खेल प्रतियोगिता रखी गई। इसके अतिरिक्त, बच्चों के शारीरिक स्वास्थ्य और ऊर्जा स्तर को बढ़ाने के लिए प्रशिक्षक भूपेंद्र ने जुम्बा तथा एरोबिक्स एवं ऋतु ओबेरॉय ने योग एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया, जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
संस्कार प्रकल्प संयोजिका रितु ओबेरॉय ने बताया कि आज के डिजिटल युग में बच्चों को अपनी जड़ों, संस्कृति और नैतिक मूल्यों से जोड़े रखना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के शिविरों से बच्चों के मन-मस्तिष्क में सकारात्मकता, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन का बीजारोपण होता है। शाखा अध्यक्ष सीए जतिन सैनी ने अपने वक्तव्य में कहा कि बाल संस्कार शिविर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी के उज्ज्वल चरित्र निर्माण का एक संकल्प है। भारत विकास परिषद का उद्देश्य बच्चों में बचपन से ही देशभक्ति, समाज सेवा और अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना जगाना है।
कार्यक्रम के अंत में शेयरिंग एंड केयरिंग' पॉटलक पार्टी का आयोजन किया गया, जहाँ भोजन से पूर्व सामूहिक प्रार्थना की गई। बच्चों ने घर से लाया हुआ भोजन आपस में बाँटकर खाया, जिससे उनमें सहयोग, आत्मीयता और एक-दूसरे के प्रति सम्मान की भावना का विकास हुआ। बच्चों ने बताया कि उन्होंने न केवल ध्यान और खेल-खेल में याद रखने की तकनीकें सीखीं, बल्कि एक साथ मिलकर काम करने और जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सेवा प्रकल्प संयोजक डॉ. दीपक यादव, डॉ. तरुणा यादव, डॉ. प्रशांत यादव, महिला संयोजिका व आईएमए रेवाड़ी प्रेसिडेंट डॉ नीरज यादव, संपर्क प्रकल्प संयोजक सीए यश अरोड़ा, सीए तन्वी ग्रोवर, पूजा सैनी, बावल शाखा के सचिव नरेश कुमार, किरण शर्मा, मुदित बंसल, अनुराधा सैनी, राहुल जैन, मल्लिका ओबेरॉय सहित परिषद के कई अन्य पदाधिकारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों के उत्साह की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इस प्रकार के कार्यक्रमों को बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अनिवार्य बताया।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें