पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए, आज रेवाड़ी के अंसल सिटी परिसर में एक वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO) और अंसल सिटी आरडब्ल्यूए (RWA) के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।
इस पुनीत कार्य में विभिन्न प्रजातियों के 250 पौधे अंसल सिटी के चौराहे के पास पार्कों में रोपे गए। कार्यक्रम में रेवाड़ी के विधायक श्री लक्ष्मण यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के प्रांत अध्यक्ष डॉ. आर.बी. यादव ने विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
मुख्य अतिथि के रूप में पौधारोपण करते हुए विधायक श्री लक्ष्मण यादव ने आयोजक संस्थाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत और नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन जैसे संगठनों का यह प्रयास सराहनीय है, जो समाज को एक स्वच्छ और स्वस्थ भविष्य देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।"
डॉ. आर. बी. यादव ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी निवासियों से आह्वान किया कि वे न केवल पौधे लगाएं, बल्कि समय-समय पर पानी देकर और उनकी देखभाल करके उन्हें एक बड़े वृक्ष के रूप में विकसित करने का संकल्प भी लें।
इस अवसर पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के पदाधिकारी एवं सदस्य, नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन से जुड़े चिकित्सक, अंसल सिटी आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी विपिन धींगरा, कृष्ण कुमार, दिनेश कुमार, दीपेश, प्रशांत, राजेश, डीपी यादव,विजय शर्मा, देवेंद्र, अशोक यादव, डॉ पी सी सिंघल, डॉ कंवर सिंह, डॉ सुप्रतीक्ष, डॉ सुनील यादव, विक्रांत एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने मिल-जुलकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने का सामूहिक संकल्प लिया।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें