रेवाड़ी, 29 जुलाई। रेवाड़ी के एसडीएम के तबादले के बाद आम आदमी पार्टी, रेवाड़ी के जिला अध्यक्ष एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने रेवाड़ी बार एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों एवं अधिवक्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि वकीलों की अभूतपूर्व एकता, लोकतांत्रिक संघर्ष और न्याय के सम्मान की जीत है। एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने कहा कि पिछले कई दिनों से रेवाड़ी बार एसोसिएशन अपने मुद्दों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष कर रही थी। अधिवक्ताओं ने जिस अनुशासन, धैर्य और एकजुटता का परिचय दिया, वह पूरे प्रदेश के लिए एक मिसाल है। लोकतंत्र में जनभावनाओं और न्यायपूर्ण मांगों का सम्मान होना चाहिए, और आज का निर्णय इसी बात का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज केवल न्यायालयों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में न्याय, संविधान और कानून के शासन को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। जब अधिवक्ता समाज एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखता है, तो उसकी आवाज़ को गंभीरता से सुना जाता है। एडवोकेट सुभाष अग्रवाल ने रेवाड़ी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, पदाधिकारियों तथा सभी अधिवक्ता साथियों को इस संघर्ष की सफलता पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी अधिवक्ता समाज न्याय, संविधान और आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए इसी प्रकार संगठित और प्रतिबद्ध रहेगा।
0 comments:
एक टिप्पणी भेजें