रेवाड़ी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने रेवाड़ी जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के समापन में अब केवल तीन दिन शेष हैं। ऐसे में जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं किया है, वे बिना देरी किए इसे भरकर अपने संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा करवाएं।
डीसी ने कहा कि समय पर गणना प्रपत्र जमा करने से मतदाता के निर्वाचन रिकॉर्ड का सत्यापन सुगमता से हो सकेगा तथा भविष्य में किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा। सभी पात्र मतदाता अपने वर्तमान मतदाता विवरण तथा आवश्यकता होने पर वर्ष 2002 की निर्वाचक नामावली अथवा संबंधित परिजन के विवरण के आधार पर निर्धारित जानकारी अवश्य उपलब्ध कराएं।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए ऑनलाइन सर्च करने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। मतदाता वर्ष 2002 की विशेष गहन पुनरीक्षण सूची में अपना नाम निम्न लिंक
https://voters.eci.gov.in पर जाकर देख सकते हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान मतदाता सूची में अपना नाम, ईपीआईसी नंबर अथवा अन्य विवरण के माध्यम से भी खोजा जा सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि सभी पात्र मतदाता अभियान की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और शीघ्र अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि जिला की निर्वाचक नामावली को त्रुटिरहित एवं नवीनतम बनाया जा सके।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें