हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 के अंतर्गत जिला में आयोजित लेवल-2 (टीजीटी) एवं लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकल रहित वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गईं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, पारदर्शिता एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए।
डीसी अभिषेक मीणा ने एसपी हेमेंद्र मीणा के साथ जिला में विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने केंद्र अधीक्षकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को परीक्षा संचालन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया, पहचान सत्यापन तथा अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
*जिला में 23 केंद्रों पर आयोजित हुई एचटेट परीक्षा*
जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। सुबह के सत्र में आयोजित लेवल-2 (टीजीटी) परीक्षा में पंजीकृत 7287 अभ्यर्थियों में से 6109 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1178 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं सायंकालीन सत्र में आयोजित लेवल-1 (पीआरटी) परीक्षा में 2540 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1938 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी तथा 602 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
*परीक्षा केंद्रों पर किए गए पुख्ता प्रबंध*
जिला में प्रशासन और पुलिस विभाग के समन्वय से सभी परीक्षा केंद्रों पर पुख्ता प्रबंध किए गए। केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहे। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन कराया गया। अभ्यर्थियों की प्रवेश से पूर्व गहन जांच की गई तथा प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा केंद्रों में ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें