रेवाड़ी नगर का प्राचीनतम भगवान जगन्नाथ मंदिर जीर्णोद्धार के साथ श्रद्धालुओं के लिए तैयार हो रहा है। 14 जुलाई से 16 जुलाई तक मंदिर में भक्ति रस की धारा बहेगी। रथयात्रा के दौरान मथुरा व खैरथल की शहनाई, दिल्ली व अलवर का ढोल ताशा, पलवल का नगाड़ा, बाबा फतेह सिंह अखाडे की गतका पार्टी और झांकियाँ आकषर्ण का केंद्र रहेंगी।
नगर के बाराहजारी क्षेत्र के वृंदावन चौक स्थित मंदिर के पुजारी स्वामी टेकचंद गौंड ने बताया कि यात्रा से पूर्व सत्संग जागरण के लिए मंदिर का जीर्णोद्धार कराया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक श्रद्धालु धार्मिक आयोजनों का आनंद ले सकें। मंदिर परिसर के नीचे के कमरों को हटाकर सभागार का रूप दिया गया है। इसी स्थान पर 14 जुलाई को रात्रि जागरण होगा जिसमें त्रिलोक चंद्र रामायणी, विजय त्यागी, संजय शर्मा, गोपाल वर्मा, मुरारी सोनी, मानवी भारद्वाज, जगदीश सैनी, ललित सैनी, नितेश शर्मा आदि भजन गायक प्रस्तुति देंगे। 15 जुलाई को श्री लाडली जी महिला मंडल द्वारा सत्संग होगा। 16 जुलाई को मंदिर प्रांगण से रथयात्रा निकाली जाएगी जो नगर के मुख्य बाजारों से भ्रमण करते हुए वापस मंदिर पहुँचेगी।
रथयात्रा की मुख्य अतिथि एडवोकेट कुमारी रिंकी यादव होंगी। सूरजभान सैनी आमंत्रित अतिथि तथा भाजपा नेता अमित यादव विशिष्ट अतिथि होंगे। मुकेश अग्रवाल भट्टेवाले माल्यार्पण करेंगे तथा हितेश कटारिया मुख्य सारथी की जिम्मेवारी संभालेंगे। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद लेने की अपील की।


0 comments:
एक टिप्पणी भेजें