रेवाड़ी डीसी अभिषेक मीणा के मार्गदर्शन में आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं राज्य स्तरीय योग कार्यक्रमों की तैयारियों के क्रम में आयुष विभाग रेवाड़ी द्वारा योग रिहर्सल कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। वहीं लायंस क्लब में भी कल 19 जून से 21 जून तक योग दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।
कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. बसंत कुमार, योगाचार्य राकेश छिल्लर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक संदीप यादव सहित आयुष विभाग के चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी, खेल विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं तथा अन्य विभागों के कर्मचारी गण उपस्थित रहे। रेवाड़ी पुलिस विभाग से कई अधिकारी और कर्मचारीगण काफी संख्या में उपस्थित रहे और योग प्रोटोकॉल में हिस्सा लिया।
योगाचार्य राकेश छिल्लर एवं उनकी टीम द्वारा उपस्थित प्रतिभागियों को आगामी योग दिवस कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु योगाभ्यास एवं प्रोटोकॉल की विस्तृत रिहर्सल करवाई गई। प्रतिभागियों को योग की विभिन्न क्रियाओं एवं उनके सही अभ्यास की जानकारी भी प्रदान की गई ताकि आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।
एसडीएम सुरेश कुमार ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है तथा स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को योग को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि स्कूल, कॉलेजों, शिक्षण संस्थाओं के अलावा विभिन्न विभागों में भी योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित कर प्रशिक्षण दिया गया है ताकि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से आगामी योग दिवस कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. बसंत कुमार ने उपस्थित योग साधकों एवं अधिकारियों को संबोधित करते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को सफल बनाने हेतु सभी विभागों के सहयोग से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें