रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार जिले में 21 जून को आयोजित होने वाली नीट परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इसी क्रम में शनिवार को डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने जिला पुलिस लाइन में परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। इस अवसर पर डीएसपी संजीव बल्हारा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।
दोनों उच्च अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों को सख्त निर्देश दिए कि परीक्षा के दौरान नकल माफिया, अफवाह फैलाने वाले तत्वों तथा परीक्षा में व्यवधान उत्पन्न करने वाले असामाजिक व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी जाए और ऐसे तत्वों के विरुद्ध तत्काल एवं सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
*सभी 12 परीक्षा केंद्रों पर SOP की होगी सख्त पालना*
डीएसपी हेडक्वार्टर डॉ. रविंद्र सिंह ने कहा कि नीट परीक्षा के लिए जिले में स्थापित किए गए सभी 12 परीक्षा केंद्रों में मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की पालना सुनिश्चित की जाए, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अव्यवस्था या नकल की घटना न हो। उन्होंने परीक्षा से पहले प्रवेश द्वार, परीक्षा कक्षों, सीसीटीवी कैमरों और नियंत्रण कक्षों का बारीकी से निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
*सुरक्षा एवं नियमों के संबंध में मुख्य दिशा-निर्देश:*
*धारा 163 लागू:* परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 सख्ती से लागू रहेगी। किसी भी अनधिकृत व्यक्ति को परिसर के भीतर या आसपास भटकने की अनुमति नहीं होगी।
*नो पार्किंग ज़ोन:* परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का वाहन पार्क करने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र के 200 मीटर के दायरे मे परीक्षार्थियों के अलावा किसी भी अभिभावक व अन्य व्यक्ती को जाने की अनुमती नहीं दी जाएगी।
*दुकानें व कोचिंग सेंटर रहेंगे बंद:* परीक्षा केंद्रों के निकट स्थित सभी फोटोस्टेट, फैक्स, जेरॉक्स मशीनों की दुकानें तथा सभी कोचिंग सेंटर परीक्षा के दौरान पूर्णतः बंद रहेंगे।
*सख्त प्रतिबंध:* परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, बैल्ट, आभूषण, आग्नेय अस्त्र, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य वर्जित वस्तुओ के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
*प्रवेश नियम:* परीक्षार्थियों को केवल वैध प्रवेश पत्र (Admit Card) और प्रामाणिक पहचान पत्र (ID Proof) के साथ ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
*यातायात सुगमता के लिए बनाए 12 विशेष नाके*
डीएसपी हेडक्वार्टर ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा, सुगम यातायात और सुरक्षा की दृष्टि से जिले में 12 चिन्हित विशेष पुलिस नाके स्थापित किए गए हैं। इन नाकों पर तैनात पुलिसकर्मी वहां से गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की बारीकी से चेकिंग करें।
"विद्यार्थियों की सुविधा और सफल व शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता, सतर्कता व सजगता से पालन करें ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।"
*— डॉ. रविंद्र सिंह, डीएसपी हेडक्वार्टर, रेवाड़ी*
*जिला पुलिस ने आमजन और परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।*



0 comments:
एक टिप्पणी भेजें