भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला में सघन पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ संचालित किया जाएगा। इसके लिए जिला के तीनों विधानसभा क्षेत्र रेवाड़ी, कोसली और बावल में तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस अभियान में सभी मतदाता एवं राजनीतिक दलों को भी अपना सक्रिय सहयोग देना चाहिए। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से एसआईआर में आम नागरिकों के सहयोग के लिए एक हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। किसी मतदाता को एसआईआर के बारे में पूछना है तो वह इस नंबर पर कॉल कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी अभिषेक मीणा ने आज लघु सचिवालय सभागार में आयोजित हुई पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक जुलाई, 2026 को वोट बनवाने की निर्धारण तिथि मानकर यह अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए बीएलए, बीएलओ, सुपरवाइजर को प्रशिक्षण तथा फार्म प्रकाशित करने का कार्य 14 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। इसी माह 15 जून से बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं को वोटर फार्म वितरित करेेंगे। जिन्हें मतदाताओं को स्वयं भरना है और उन्हें हस्ताक्षर कर अगले राउंड में बीएलओ जब घर आए तो उसे वापस करना है। इस फार्म पर सभी मतदाता अपनी नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो अवश्य लगाएं। दूसरे राउंड में बीएलओ को घर पर कोई वोटर नहीं मिला तो वह तीसरी बार फिर वहां जाएगा।
डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि 21 जुलाई को तीनों विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन किया जाएगा। जिस पर मतदाताओं से दावे और आपत्तियां आमंत्रित की जाएंगी। ये दावे एवं आपत्ति मतदाता 20 अगस्त, 2026 तक जमा करवाई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि 18 सितंबर तक इन दावे और आपत्तियों का निपटान किया जाएगा। इसके पश्चात 22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा। डीसी ने कहा कि एसआईआर का मुख्य उद्देश्य एक शुद्ध एवं वास्तविक मतदाता सूची तैयार करना है। इसे लेकर कोई व्यक्ति सोशल मीडिया या प्रचार के अन्य किसी माध्यम से भ्रामक खबरें फैलाता है तो मीडिया मॉनिटरिंग कमेटी इस मामले में कार्रवाई करेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इस समय जिला में कुल 7 लाख 39 हजार 338 मतदाता हैं, जिनमें बावल आरक्षित विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 30 हजार 37, कोसली में 2 लाख 48 हजार 951 और रेवाड़ी में 2 लाख 60 हजार 350 वोटर हैं। जिला में 792 पोलिंग बूथ और इतने ही बीएलओ पर 82 सुपरवाईजर हैं। उन्होंने कहा कि जो युवा एक जुलाई, 2026 को 18 साल या इससे अधिक आयु के हो जाएंगे, वे अपना वोटर फार्म अवश्य भरें। डीसी ने बताया कि एसआईआर सर्वे को सटीक बनाने के लिए तीनों विधानसभा क्षेत्र की मैपिंग की गई है और यह कार्य 78 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
प्रेस कांफ्रेंस में डीसी ने बताया कि मतदाता अगर चाहे तो वह वोटर्स.ईआईसी.इन पर लॉग इन कर ऑनलाइन भी अपना एसआईआर का फॉर्म भर सकता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002 में इससे पहले यह सर्वे किया गया था। उसी सूची को आधार मान कर यह नई शुद्ध मतदाता सूची बनाई जाएगी। इस अवसर पर बावल के एसडीएम संजीव कुमार, रेवाड़ी के एसडीएम सुरेश कुमार, नगराधीश जितेंद्र कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के उप निदेशक अमित पवार, निर्वाचन विभाग के नायब तहसीलदार अजय कुमार तथा रेवाड़ी के मीडियाकर्मी उपस्थित रहे.




0 comments:
एक टिप्पणी भेजें