गोड्डा :गोड्डा जिले के माध्यमिक शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से स्थगित शिक्षकों के वेतन को विमुक्त करने संबंधी आदेश जारी कर दिया गया है। इस निर्णय के बाद जिले के शिक्षकों एवं उनके परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ, गोड्डा इकाई द्वारा वेतन स्थगन के मुद्दे को लगातार उठाया जा रहा था। संघ के जिला अध्यक्ष शम्स परवेज़ एवं जिला सचिव आशुतोष पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को गोड्डा उपायुक्त से मिलकर शिक्षकों की समस्याओं से अवगत कराया था। इसके बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल की और शिक्षकों के वेतन विमुक्ति का आदेश जारी किया।
जिला अध्यक्ष शम्स परवेज़ ने कहा कि यह शिक्षकों की एकजुटता और संघ के सतत संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने शिक्षकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रुख अपनाने के लिए उपायुक्त का आभार व्यक्त किया।
वहीं जिला सचिव आशुतोष पांडेय ने कहा कि वेतन विमुक्ति के आदेश से आर्थिक संकट झेल रहे शिक्षकों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि संघ आगे भी शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने इस निर्णय के लिए गोड्डा उपायुक्त को धन्यवाद देते हुए कहा कि प्रशासन और शिक्षक संघ के सकारात्मक संवाद का यह सुखद परिणाम है। जिले के शिक्षकों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें