जनहित में बाधा पहुंचा रहीं चिकित्सकों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच तथा एमबीबीएस,एमडी,एमएस,डीएम आदि प्रोफेशनल डॉक्टर्स की अग्रणी संस्था आईएमए की जिला इकाई मिलकर समाधान की जोरदार आवाज बुलंद करेंगे । मंच के मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत अशोक प्रधान लोक सेवा मंच,कोर कमेटी सदस्य बीके राम सिंह तथा आईएमए की जिला प्रेसिडेंट डॉ. नीरज यादव की मुलाकात में सर्वसम्मत निर्णय लिया गया ।
आईएमए की जिला प्रेसिडेंट डॉ. नीरज यादव ने राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों को बताया कि प्रत्येक अस्पताल संचालक व डॉक्टर को सरकार से अनेक प्रकार की एन.ओ.सी., सर्टिफिकेट ,लाइसेंस आदि लेने के लिए बहुत अधिक औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं जिनकी प्रक्रिया जटिल होने और उनके लिए अलग-अलग अधिकारियों के यहां आने- जाने में उनका अत्याधिक समय ,ऊर्जा और धन खर्च हो जाता है । जिसका विपरीत प्रभाव उनके प्रैक्टिस को दिए जाने वाले समय तथा मानसिक- शारीरिक एवं आर्थिक स्वास्थ्य पर पड़ता है जिसका असर मरीजों पर पड़ना स्वाभाविक है । उन्होंने कहा कि डॉक्टर्स पेशागत दक्षताओं से परिपूर्ण एवं जिम्मेदार सामाजिक समुदाय है । उन पर औपचारिकताओं का इतना बोझ लादना जनहित में कतई अनिवार्य नहीं है । अस्पताल संचालकों एवं डॉक्टर्स की मांग है कि उन्हें जो भी औपचारिकताएं पूरी करनी पड़ती हैं उनका व्यापक जनहित में सरकार ,डॉक्टर्स व सिविल सोसाइटी के सामाजिक लोगों की ज्वाइंट कमेटी बनाकर युक्तिसंगत ढंग से तुरंत सरलीकरण किया जाए और सिंगल विंडो सर्विस प्रदान की जाए ।
इस कड़ी में यदुवंशी अस्पताल के संचालक डॉ. प्रशांत यादव ने बताया कि प्रदेश सरकार की आयुष्मान योजना के बिलों की पेमेंट पिछले करीब एक साल से पेंडिंग है । इतने लंबे समय तक पेमेंट नहीं होने से अस्पताल संचालकों के सामने आर्थिक संकट खड़ा होने लगता है । ऐसे में उन्हें आयुष्मान कार्ड धारक मरीजों का इलाज करने में आर्थिक तौर पर भारी असुविधा होती है । उन्होंने बताया कि आयुष्मान योजना की पेमेंट सरकार की ओर से अस्पतालों को नियम अनुसार 15 दिन में की जानी चाहिए ,मगर ऐसा नहीं हो रहा है । उन्होंने आयुष्मान योजना के पेमेंट सिस्टम को नियमानुसार एवं समयबद्ध सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई । इसके अभाव में अस्पतालों एवं डॉक्टर्स की आर्थिक सेहत बिगड़ती है जिससे उनका मानसिक शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है जिसका स्वाभाविक असर मरीजों तक भी पहुंचता है ।
राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि औपचारिकताओं को पूरा कराने में चिकित्सकों की अनावश्यक उलझनों को कम करने के लिए उन्हें सिंगल विंडो सर्विस तुरंत प्रदान की जानी चाहिए । उन्होंने कहा की चिंतामुक्त चिकित्सक ही मरीजों का बेहत्तर इलाज कर सकते हैं और उन्हें यथासंभव जल्द आराम पहुंचा सकते हैं । उन्होंने कहा कि इन मसलों को लेकर केंद्र व प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्रियों ,मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाएंगें. समाधान होने तक जनहित में चिकित्सकों की समस्याओं की आवाज बुलंद की जाएगी । इस अवसर पर बीके राम सिंह द्वारा लिखित 'सशक्त नारी का सफर' पुस्तक सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान ने संयुक्त रूप से आईएमए की जिला प्रेसिडेंट डॉ. नीरज यादव को भेंट की । डॉ. नीरज यादव और डॉ. प्रशांत यादव ने लोक सेवा मंच के जनहित में जारी प्रयासों पर हर्ष व्यक्त किया ।

0 comments:
एक टिप्पणी भेजें