Rewari News :: डीएसपी संजीव बल्हारा ने सुभाष पार्क में आमजन को नशे के दुष्प्रभाव व साइबर अपराध के बारे जागरूक कर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की

रेवाड़ी पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा के दिशा-निर्देशानुसार जिले में अपराध नियंत्रण, साइबर सुरक्षा और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए चलाई जा रही विशेष जागरूकता मुहिम के तहत आज सोमवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीएसपी श्री संजीव बल्हारा ने शहर के सुभाष पार्क में पहुंचकर वहाँ मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों, युवाओ, व्यापारियों और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों और बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। 


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए डीएसपी श्री संजीव बल्हारा ने कहा कि नशा न केवल एक व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गर्त में धकेल देता है। उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने की अपील की और कहा कि यदि आस-पास कोई व्यक्ति नशा बेचता या तस्करी करता पाया जाता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित पुलिस थाने, डायल 112 व MANAS हेल्पलाइन नंबर 1933 पर दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गुप्त रखा जाएगा।


 *साइबर ठगों से सावधान रहने के दिए टिप्स:* 

आज के डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए डीएसपी श्री संजीव बल्हारा ने आमजन को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपना बैंक ओटीपी (OTP), सीवीवी (CVV), या पर्सनल पिन साझा न करें। लॉटरी का लालच देने वाले लिंक, फर्जी कूरियर सर्विस या अज्ञात वीडियो कॉल के झांसे में आने से बचें। यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर अपनी शिकायत दर्ज कराएं ताकि समय रहते ट्रांजैक्शन को रोका जा सके।


 *सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 'सीसीटीवी' लगाने पर जोर:* 

शहर की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए डीएसपी श्री संजीव बल्हारा ने "तीसरी आंख" यानी सीसीटीवी कैमरों के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सुभाष पार्क में मौजूद प्रबुद्ध नागरिकों, व्यापारियों और आमजन से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों, मुख्य चौराहों और गली-मोहल्लों के मोड़ पर ज्यादा से ज्यादा उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाएं। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे न केवल अपराधों को रोकने में मददगार साबित होते हैं, बल्कि किसी भी वारदात के बाद अपराधियों को दबोचने में पुलिस के लिए सबसे अहम कड़ी बनते हैं।


इस अवसर पर भाड़ावास गेट चौकी इंचार्ज एसआई सुमन ने भी महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा बारे जागरुक करते हुए आमजन को डायल 112 एप व ट्रिप मॉनिटरिंग सिस्टम बारे जानकारी दी और उपस्थित लोगों से पुलिस का सहयोग करने की बात कही। कार्यक्रम के अंत में पार्क में आए नागरिकों ने रेवाड़ी पुलिस की इस पहल की सराहना की और विश्वास दिलाया कि वे शहर को सुरक्षित और नशामुक्त बनाने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग करेंगे।

Share on Google Plus

Editor - राजेश शर्मा : रेवाड़ी (हरियाणा)

ग्राम समाचार से आप सीधे जुड़ सकते हैं-
Whatsaap Number -8800256688
E-mail - gramsamachar@gmail.com

* ग्राम समाचार का संवाददाता बनने के लिए यहां क्लिक करें

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)

- राजीव कुमार (Editor-in-Chief)
    Blogger Comment
    Facebook Comment

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें